हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति का पुनर्गठन, समर चौहान बने अध्यक्ष

शिमला, 29 जुलाई।
हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति का बुधवार को शिमला में पुनर्गठन करते हुए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। चुनाव अधिकारी जिया लाल ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समर चौहान को अध्यक्ष, हरीश पराशर को उपाध्यक्ष, खेमेंद्र गुप्ता को सचिव, हरी कृष्ण को प्रवक्ता तथा राजेश ठाकुर को कोषाध्यक्ष चुना गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि परिवहन कर्मचारी महासंघ (इंटक), तकनीकी कर्मचारी संगठन, एटक, परिवहन मजदूर संघ, चालक-परिचालक संगठन, सर्व कर्मचारी यूनियन, मिनिस्टीरियल स्टाफ एसोसिएशन, निरीक्षक स्टाफ एसोसिएशन तथा स्टोर स्टाफ एसोसिएशन सहित सभी संबद्ध कर्मचारी संगठनों द्वारा नामित चार-चार मुख्य पदाधिकारी संयुक्त समन्वय समिति के सदस्य होंगे।
नई कार्यकारिणी ने संकल्प लिया कि समिति हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) कर्मचारियों की लंबित मांगों, सेवा संबंधी हितों, कर्मचारी कल्याण, निगम के सुदृढ़ीकरण तथा जनहित से जुड़े परिवहन मुद्दों को सरकार और निगम प्रबंधन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएगी।
बैठक में सभी कर्मचारी संगठनों से आपसी समन्वय, एकता और सहयोग की भावना के साथ कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने का आह्वान किया गया। बैठक में पारित प्रस्ताव के अनुसार नई कार्यकारिणी की सूचना आवश्यक कार्रवाई के लिए निगम प्रबंधन, प्रदेश सरकार और संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई




