राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में ‘MANSA-एक संकल्प’ से नशे के खिलाफ बुलंद हुई आवाज़

राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में ‘MANSA-एक संकल्प’ से नशे के खिलाफ बुलंद हुई आवाज़

शिमला,29 जुलाई 2026: राजकीय कन्या महाविद्यालय, शिमला में आज यूथ रेड क्रॉस, रोट्रैक्ट क्लब और स्टेट रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
“MANSA -एक संकल्प” विषय पर राज्य नशा निवारण बोर्ड शिमला की सदस्य सुश्री बिन्दु जोशी ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की रोकथाम के लिए केवल नारा देना ही पर्याप्त नहीं है, हमें युवाओं के तनाव, अकेलेपन और भावनात्मक दबाव को समझ कर ही नशे की जड़ तक पहुंचना होगा। उन्होंने नशे के दुष्प्रभाव के साथ-साथ साकारात्मक जीवन शैली, आत्म-सम्मान और जिम्मेदारी पूर्वक निर्णय लेने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को भावनात्मक रूप से भी मजबूत व समझदार होना होगा, इस सब में माता-पिता और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसी कड़ी में महाविद्यालय के यूथ रेड क्रॉस एवं रोट्रेक्ट क्लब का इंडक्शन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश था *Be The Change सेवा, नेतृत्व, प्रेरणा*। इस अवसर पर नई छात्राओं को क्लब से जोड़ा गया। यूथ रेड क्रॉस व रोट्रैक्ट क्लब की संयोजक डॉ. लक्ष्मी सिंधु ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में आगे बढ़ाना है।”साथ मिलकर हम कर सकते हैं, साथ मिलकर हम करेंगे, साथ मिलकर हम बदलाव लाएंगे” के संकल्प के साथ छात्राओं को समाज सेवा के कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। महाविद्यालय उप प्राचार्या डॉ.कार्तिकेय मृत्युंजय चौहान ने दोनों कार्यक्रमों को छात्राओं के सर्वांगीण विकास और सामाजिक चेतना के लिए महत्वपूर्ण बताया। आज के कार्यक्रम में महाविद्यालय की वरिष्ठ आचार्या डा. लक्ष्मी, महाविद्यालय यूथ रेड क्रॉस व रोट्रैक्ट क्लब के सभी सदस्य, स्टेट यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के संयोजक श्री विरेन्द्र सिंह बिष्ट, पल्लवी शर्मा, और महाविद्यालय की छात्राएं मौजूद रहीं




