न्यूट्रिशन सप्लीमेंट्स में मिला हेवी मेटल; दो सैंपल अनसेफ और चार मिसब्रांडेड
फूड सेफ्टी एंड रेगुलेशन डिपार्टमेंट की छापेमारी में खुलासा, दो उत्पादों में निर्धारित मानकों से अधिक मिले हेवी मेटल; संबंधित पक्षों को नोटिस जारी
शिमला। शरीर में पोषण की कमी दूर करने और बेहतर स्वास्थ्य के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले न्यूट्रिशन सप्लीमेंट्स की गुणवत्ता को लेकर शिमला में गंभीर मामला सामने आया है। फूड सेफ्टी एंड रेगुलेशन डिपार्टमेंट की ओर से शिमला के विभिन्न क्षेत्रों में की गई छापेमारी और जांच के दौरान दो न्यूट्रिशन सप्लीमेंट्स के सैंपल अनसेफ पाए गए हैं, जबकि चार अन्य उत्पाद मिसब्रांडेड पाए गए हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि अनसेफ पाए गए दोनों उत्पादों में हेवी मेटल की मात्रा निर्धारित मानकों से अधिक पाई गई है।गौर हो की न्यूट्रीशन सप्लीमेंटल के दस सैंपल जांच के लिए लिए गए थे
जांच में अनसेफ पाए गए दोनों उत्पाद कैप्सूल और टैबलेट के रूप में थे। इनमें हेवी मेटल की अधिक मात्रा मिलने से उपभोक्ताओं की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई धातु के लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से किडनी और लिवर प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा मस्तिष्क, तंत्रिका तंत्र और हड्डियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए इनका जोखिम विशेष रूप से गंभीर हो सकता है।
डॉक्टर लिखते हैं पोषण के लिए सप्लीमेंट्स, लेकिन गुणवत्ता की गारंटी कौन देगा?
न्यूट्रिशन सप्लीमेंट्स का इस्तेमाल शरीर में विटामिन और मिनरल्स की कमी पूरी करने तथा पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाता है। डॉक्टर भी मरीजों को उनकी जरूरत के अनुसार ऐसे सप्लीमेंट्स लेने की सलाह देते हैं। ऐसे में अगर पोषण देने के नाम पर बाजार में बिकने वाले उत्पाद ही निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरते, तो यह बेहद गंभीर विषय है। लोग अपनी सेहत सुधारने की उम्मीद में इन उत्पादों का सेवन करते हैं और उनकी गुणवत्ता पर भरोसा करते हैं। ऐसे में इनकी नियमित जांच और गुणवत्ता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
विभाग ने जारी किए नोटिस, डॉ. विजया ने किया सतर्क
इस मामले में फूड सेफ्टी एंड रेगुलेशन डिपार्टमेंट की असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. विजया से भी बातचीत की गई। विभाग की ओर से संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए गए हैं। डॉ. विजया ने उपभोक्ताओं को न्यूट्रिशन सप्लीमेंट्स की खरीद और इस्तेमाल के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को ऐसे उत्पादों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को लेकर जागरूक रहना चाहिए।
सेहत के नाम पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं
शिमला में सामने आए इस मामले ने न्यूट्रिशन सप्लीमेंट्स की गुणवत्ता की निगरानी और बाजार में उपलब्ध उत्पादों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिन उत्पादों का इस्तेमाल लोग स्वस्थ रहने और पोषण की कमी दूर करने के लिए करते हैं, उनकी गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकती है। ऐसे में विभाग की जांच और कार्रवाई के साथ-साथ बाजार में बिकने वाले सप्लीमेंट्स की नियमित निगरानी भी जरूरी है। इस तरह की छापेमारी समय दर समय की जाए तो स्वास्थ्य के लिए एक अच्छी पहल साबित हो सकती है
