बड़ी ख़बर: HRTC कर्मचारियों की हड़ताल टली, सरकार से वार्ता में 10 प्रमुख मांगों पर बनी सहमति

शिमला, 24 जून। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल फिलहाल टल गई है। स्टेट HRTC कंडक्टर यूनियन और प्रदेश सरकार के बीच अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.डी. नजीम के साथ करीब तीन घंटे तक चली लंबी वार्ता के बाद रात 12 बजे से शुरू होने वाली हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
यूनियन के महासचिव दीपेंद्र कंवर ने बताया कि वार्ता के दौरान कर्मचारियों की कई लंबित मांगों पर सकारात्मक सहमति बनी है। समझौते के तहत कर्मचारियों को एक वर्ष का रात्रि एवं अतिरिक्त समय भत्ता प्रदान किया जाएगा। कंडक्टरों के 2400 ग्रेड पे से संबंधित मामले पर दो सप्ताह के भीतर सर्विस कमेटी गठित की जाएगी।
इसके अलावा कर्मचारियों को एक वर्दी का नकद भुगतान तथा दूसरी वर्दी के लिए कपड़ा एक माह के भीतर उपलब्ध कराया जाएगा। लंबे रूटों पर कार्यरत कंडक्टरों को राहत देते हुए 150 किलोमीटर से अधिक दूरी वाले मार्गों पर फ्रंट सीट आवंटित करने का निर्णय लिया गया है।
यूनियन के अनुसार अगस्त माह से रात्रि एवं अतिरिक्त समय भत्ते का भुगतान नियमित रूप से प्रतिमाह किया जाएगा। वहीं 4-9-14 लाभों के संबंध में वित्त सचिव के साथ चर्चा हो चुकी है और एक माह के भीतर इस संबंध में आदेश जारी होने की उम्मीद है।
बैठक में यह भी तय हुआ कि कर्मचारियों से जुड़ी एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) तैयार है, जिसे अगली बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स (BOD) की बैठक में अनुमोदित किया जाएगा। लंबित पदोन्नतियां 10 जुलाई तक करने पर भी सहमति बनी है।
इसके अतिरिक्त मेडिकल रिइम्बर्समेंट के लिए 7 करोड़ रुपये जारी करने तथा चालकों और परिचालकों के हितों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रावधानों वाला एक्ट बनाने पर भी सकारात्मक आश्वासन दिया गया है।
यूनियन ने वार्ता को कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण बताते हुए फिलहाल हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की है। इससे प्रदेशभर में HRTC की बस सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।



