30 वर्ष से कम आयु के युवा कलाकार दिखाएंगे अपनी संगीत प्रतिभा #राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय के चौड़ा मैदान परिसर में होगा आयोजन
**शिमला, 16 नवंबर।
* आकाशवाणी शिमला की ओर से 18 नवंबर को ‘एआईआर राइजिंग स्टार्स : सीजन-1’ के तहत विशेष युवा संगीत समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम आकाशवाणी के 90 वर्ष की प्रसारण यात्रा के उपलक्ष्य में देशभर के 26 आकाशवाणी केंद्रों पर आयोजित किए जा रहे विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है।
यह संगीत समारोह राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय, चौड़ा मैदान में सुबह 11:30 बजे आयोजित होगा। इसमें 30 वर्ष से कम आयु के चयनित युवा कलाकार अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में लाइट म्यूजिक और लोक संगीत की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।
प्रसार भारती और आकाशवाणी महानिदेशालय के निर्देशानुसार देशभर में 17 से 30 नवंबर तक अलग-अलग तिथियों पर इन युवा संगीत समारोहों का आयोजन किया जा रहा है। ‘एआईआर राइजिंग स्टार्स’ पहल का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और संगीत के क्षेत्र में उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना है।
आकाशवाणी शिमला के कार्यक्रम प्रमुख एवं सहायक निदेशक अनिल वर्मा ने इस कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है।
