स्वास्थ्य जांच शिविर में 121 सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण

शिमला, 18 अगस्त 2026:
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), शिमला एवं नगर निगम शिमला के संयुक्त तत्वावधान में न्यू शिमला में नगर निगम के सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कनलोग, छोटा शिमला, कंगनाधार, कसुम्पटी,
विकासनगर एवं पंथाघाटी वार्डों में कार्यरत 121 सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न आवश्यक जांचें की गईं। इसके साथ ही टीबी, हेपेटाइटिस एवं लीवर संबंधी बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई तथा आवश्यकता के अनुसार एक्स-रे जांच की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई।
स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम में 2 डॉक्टर और 11 आशा कार्यकर्ताओं सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं प्रदान कीं। टीम ने कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए जागरूक किया।
नगर निगम के सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर गंभीर एवं संक्रामक बीमारियों की समय रहते पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। नगर निगम शिमला एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।



