ब्रेकिंग-न्यूज़

मुंगरी में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

No Slide Found In Slider.

 

हिम रक्षक संस्था के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में देशभक्ति, संस्कृति, पारंपरिक खेल और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

No Slide Found In Slider.

 

ग्राम पंचायत बैहना के तीन गांव शुष, मुंगरी और तिहनी की सामूहिक सहभागिता से हिमालयन हेल्थ, एनवायरनमेंट एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी (HHESWS) — हिम रक्षक के सौजन्य से मुंगरी में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्रामीणों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त असिस्टेंट कमांडेंट, SSB श्री देशराज कटोच ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता हमें अनेक बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है और इसकी एकता, अखंडता एवं गरिमा को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

कार्यक्रम को तीन चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें ध्वजारोहण एवं देशभक्ति कार्यक्रम, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक खेल गतिविधियाँ तथा पौधारोपण प्रमुख रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिला मंडल शुष, मुंगरी एवं तिहनी के साथ-साथ राजकीय प्राथमिक पाठशाला शुष के विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। विद्यार्थियों एवं महिला मंडलों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा वातावरण देशभक्ति एवं लोक संस्कृति से सराबोर हो गया।

पारंपरिक खेल गतिविधियाँ कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग दंपतियों तक ने विभिन्न पारंपरिक खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों के उत्साह ने कार्यक्रम में रोमांच और उमंग का माहौल बना दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

80 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

स्वतंत्रता दिवस समारोह के पश्चात 80 पौधों का रोपण किया गया। स्वतंत्रता दिवस के 80वें वर्ष के अवसर पर 80 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का विशेष संदेश दिया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।

हिम रक्षक संस्था के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य श्री अमर चंद चौहान ने अपने संबोधन में संस्था के उद्देश्यों एवं भविष्य की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हिम रक्षक का उद्देश्य केवल एक संस्था के रूप में कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के साथ मिलकर स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करना है।

उन्होंने बताया कि संस्था आने वाले समय में पंचायत स्तर से लेकर विकासखंड, जिला एवं प्रदेश स्तर तक विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियाँ आयोजित करने की दिशा में कार्य करेगी । संस्था द्वारा भविष्य में शिक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता, स्वास्थ्य जांच शिविर, पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण अभियान, जरूरतमंद लोगों की सहायता, जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा अन्य सामाजिक सेवा गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने की योजना है l

No Slide Found In Slider.

श्री अमर चंद चौहान ने कहा कि संस्था का प्रयास रहेगा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे हिम रक्षक संस्था से जुड़कर समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता के इस अभियान को मजबूत बनाने में अपना सहयोग दें। उपस्थित लोगों ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प दोहराया।

सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की विशेष उपस्थिति

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण क्षेत्र के सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें तेजा सिंह कटोच, महेंद्र ठाकुर, प्रताप ठाकुर, मोहर सिंह ठाकुर, कारदार लाभ सिंह सहित अन्य सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त PWD विभाग से श्री शेर सिंह ठाकुर, सेवानिवृत शिक्षक श्री भर्मेश शास्त्री, श्री रामानंद ठाकुर, पूर्व पंचायत समिति सदस्य श्रीमती आशा ठाकुर, पशु चिकित्सा विभाग से सेवानिवृत्त श्री ठाकुरदास तथा आनी क्षेत्र के समर्पित सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता श्री तिलक राज शर्मा, राजकीय प्राथमिक पाठशाला शुश के शिक्षक श्री प्रेमचंद ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।

इसके अलावा मुंगरी वार्ड के पूर्व वार्ड सदस्यों में श्री भगवान दास, श्री बुद्ध राम, श्री कृष्णा ठाकुर एवं श्रीमती सुषमा ठाकुर, बैहना पंचायत के सेवानिवृत्त चौकीदार श्री सतपाल ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

तीनों गांवों के अनेक वरिष्ठ नागरिक, महिलाएँ, युवा, बच्चे एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता के इतिहास एवं राष्ट्रगीत की प्रासंगिकता पर प्रकाश

कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक एवं हाल ही में संपन्न जिला परिषद चुनाव के प्रत्याशी रहे श्री श्यामानंद ने किया। उन्होंने अपने संचालन के दौरान देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया तथा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की प्रासंगिकता पर उपस्थित जनसमूह को जानकारी दी। इसके साथ ही ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रगीत की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक महत्व पर भी प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का दिन है।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’, प्रसाद वितरण एवं सामूहिक लोक नृत्य के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण एवं मानव सेवा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

हिम रक्षक संस्था ने इस आयोजन के माध्यम से संदेश दिया कि स्वतंत्रता का वास्तविक उत्सव तभी सार्थक है, जब हम अपने समाज, पर्यावरण और जरूरतमंद लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएँ।

“हमारा वतन — हमारा मिशन”
“हिमालय की रक्षा — मानवता की सेवा”

Deepika Sharma

Related Articles

Back to top button
Close