मेडिकल उपकरणों की ख़रीद प्रक्रिया में लाओ तेज़ी

मेडिकल उपकरणों की ख़रीद प्रक्रिया में लाओ तेज़ी

ब्रेकिंग-न्यूज़
No Slide Found In Slider.

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आज यहां हिमाचल प्रदेश मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के निदेशक मंडल की 7वीं बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत और आधुनिक बनाने तथा हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को उसके घर के नजदीक आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह कॉर्पोरेशन राज्य की खरीद एजेंसी है, जो चिकित्सा महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों के लिए आवश्यक दवाइयों, सर्जिकल एवं मेडिकल उपभोग्य सामग्री, चिकित्सा उपकरणों, मशीनों की खरीद एवं वितरण तथा आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाने सहित अन्य कार्यों को निष्पादित करने का कार्य करती है।
उन्होंने विभिन्न दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और अन्य सामग्री की खरीद प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्व में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया से खरीद में विलंब होता था और लागत भी बढ़ती थी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 15 से 20 वर्ष पुरानी मशीनों और उपकरणों को चरणबद्ध तरीके से अत्याधुनिक मशीनों एवं उपकरणों से बदल रही है और इस प्रक्रिया में मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राज्य सरकार आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के लिए लगभग 3,000 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
बैठक में नैदानिक सेवाओं को मजबूत करने तथा उन्नत मशीनों और दवाइयों की स्थापना एवं खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने को लेकर भी चर्चा की गई। इनमें पैट स्कैन मशीन, हाई-रिजॉल्यूशन कलर डॉप्लर, फुल रूम डिजिटल रेडियोग्राफी मशीन, डिजिटल मैमोग्राफी मशीन, आधुनिक लैप्रोस्कोपिक सर्जरी सेट, बाइप्लेन डीएसए मशीन, ब्लड सेपरेटर यूनिट, हाई-एंड इकोकार्डियोग्राफी, निःशुल्क चश्मे, निरोग क्लीनिकों के लिए विभिन्न उपकरण, ईसीजी मशीनें, कैथ लैब, ट्रैक-बेस्ड इंटीग्रेटेड टोटल लैब ऑटोमेशन सिस्टम तथा बोनमैरो ट्रांसप्लांट एफ़ेरेसिस यूनिट शामिल हैं।
उन्होंने अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए और साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और विश्वसनीय हो।
डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य राज्य में स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करना तथा लोगों को उत्कृष्ट और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है।
बैठक में स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार, विशेष सचिव (वित्त) विजय वर्धन, मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक अजय कुमार यादव, स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. गोपाल बेरी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे

No Slide Found In Slider.
Deepika Sharma