प्रणीता शर्मा को अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संघ की हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी

शिमला। अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संघ ने हिमाचल प्रदेश में संगठन के विस्तार और पत्रकारों को एकजुट करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शिमला निवासी वरिष्ठ पत्रकार एवं Crazy News India की प्रबंध निदेशक (MD) प्रणीता शर्मा को संघ की हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मदन गोपाल तिवाड़ी ने संगठन का विस्तार करते हुए यह मनोनयन किया। प्रणीता शर्मा की नियुक्ति संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजेंद्र कुमार जैमिनी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री देवेंद्र शर्मा तथा राष्ट्रीय प्रचार मंत्री कृष्णा मुरारी शराफ की अनुशंसा पर की गई है।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष प्रणीता शर्मा को संपूर्ण हिमाचल प्रदेश में संघ की सदस्यता बढ़ाने, जिला एवं प्रदेश स्तर पर कार्यकारिणी के गठन तथा संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए अधिकृत किया गया है। उनका कार्यक्षेत्र पूरा हिमाचल प्रदेश रहेगा और उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2027 तक निर्धारित किया गया है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रणीता शर्मा का लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने Hindustan Times से लेकर The Indian Express जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया है और प्रदेश की पत्रकारिता में सक्रिय भूमिका निभाई है। वर्तमान में वह Crazy News India की MD हैं, जो हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित करने वाला डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म है।
प्रणीता शर्मा की नियुक्ति को हिमाचल प्रदेश में पत्रकारों और मीडिया समुदाय के लिए संगठनात्मक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संघ की ओर से उम्मीद जताई गई है कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से प्रदेश में संगठन का विस्तार होगा तथा पत्रकारों की समस्याओं को प्रभावी मंच मिलेगा।
राष्ट्रीय नेतृत्व ने आशा व्यक्त की कि प्रणीता शर्मा के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के संघ सदस्यों की प्रगति, संगठनात्मक एकजुटता और पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान को प्राथमिकता मिलेगी।
नियुक्ति के बाद प्रणीता शर्मा ने कहा कि वह प्रदेश के पत्रकारों को एक मंच पर लाने, उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाने और पत्रकारिता के क्षेत्र में सकारात्मक एवं रचनात्मक वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार हिमाचल के प्रत्येक जिले तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।




