राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मशोबरा में जूनियर रेड क्रॉस इकाई द्वारा नशा मुक्ति विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

आज राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मशोबरा में हिमाचल प्रदेश राज्य रेड क्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में विद्यालय की जूनियर रेड क्रॉस इकाई द्वारा “ड्रग एब्यूज़ एवं ड्रग डी-एडिक्शन (नशा मुक्ति)” विषय पर एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. बिंदु जोशी, जो हिमाचल प्रदेश राज्य रेड क्रॉस सोसायटी की आजीवन सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश सरकार की एंटी ड्रग कमेटी की सदस्य हैं, ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए अत्यंत भावपूर्ण, प्रेरणादायक एवं तथ्यपरक संबोधन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में सदैव नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशा मुक्ति के संदेशवाहक बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस शाखा, शिमला के सहायक सचिव श्री सुरेन्द्र गौतम, राज्य जूनियर रेड क्रॉस समिति के समन्वयक श्री वीरेन्द्र सिंह बिष्ट तथा रेड क्रॉस की स्वयंसेवी सुश्री पल्लवी शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बनवारी लाल ने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की रेड क्रॉस समिति के प्रभारी श्री रमन कुमार ने अपने उद्बोधन में रेड क्रॉस की स्थापना, उसके गौरवशाली इतिहास, मानवीय मूल्यों तथा रेड क्रॉस द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को मानव सेवा, स्वैच्छिक सहयोग, आपदा प्रबंधन, रक्तदान, प्राथमिक उपचार तथा समाज सेवा के प्रति प्रेरित किया और रेड क्रॉस के सात मूलभूत सिद्धांतों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त अध्यापक एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित विद्यार्थियों ने इस जागरूकता कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।



