बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को सैलरी अकाउंट पर 30 लाख से 1.5 करोड़ रुपये का बीमा कवच मिलने पर तकनीकी कर्मचारी संघ ने जताया आभार

बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को सैलरी अकाउंट पर 30 लाख से 1.5 करोड़ रुपये का बीमा कवच मिलने पर तकनीकी कर्मचारी संघ ने जताया आभार; प्रबंधन वर्ग का किया धन्यवाद
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ ने बोर्ड प्रबंधन द्वारा बिजली बोर्ड के कर्मचारियों और पेंशनर्स के सैलरी अकाउंट पर ₹30 लाख से लेकर ₹1.5 करोड़ तक का मुफ्त इन-बिल्ट बीमा कवर (Salary Account Insurance Cover) प्रदान करने के ऐतिहासिक फैसले का जोरदार स्वागत किया है। बोर्ड प्रबंधन ने इसके लिए देश के 7 प्रमुख बैंकों (PNB, SBI, BoB, ICICI, HDFC, HPSCB, KCCB) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे तकनीकी कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष रणवीर सिंह ठाकुरऔर महासचिव चमन लाल शमी ने संयुक्त बयान में कहा कि तकनीकी कर्मचारी संघ बड़े लंबे समय से इस महत्वपूर्ण और न्यायसंगत मांग को बोर्ड प्रबंधन वर्ग के समक्ष पूरी प्रमुखता से रख रहा था। फील्ड में दिन-रात जोखिम भरा काम करने वाले तकनीकी कर्मचारियों के भविष्य और वित्तीय सुरक्षा के लिए यह बीमा कवर बेहद जरूरी था।
तकनीकी कर्मचारी संघ ने दिनांक 13 – 12 – 2025 को सम्पन्न हुई प्रदेश कार्यसमिति बैठक में प्रस्ताव पारित कर हिमाचल प्रदेश सरकार एवं विद्युत बोर्ड प्रबंधन वर्ग को प्रेषित किया था ।
इसी कड़ी में तकनीकी कर्मचारी संघ ने दिनांक 12 मई 2026 को माननीय चेयरमैन (HPSEBL) को एक विशेष पत्र भी लिखा था। इस पत्र के माध्यम से संघ ने पुरजोर तरीके से यह मांग उठाई थी कि जोखिम भरे माहौल में काम करने वाले कर्मचारियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए बैंकों के साथ ऐसा समझौता किया जाए, जिससे उन्हें सैलरी अकाउंट पर बड़ा बीमा लाभ मिल सके।
संघ ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए इसे अमलीजामा पहनाने के लिए माननीय चेयरमैन, प्रबंध निदेशक (MD) और समस्त बोर्ड प्रबंधन वर्ग का सहृदय धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इस फैसले से न केवल सेवारत कर्मचारियों बल्कि उनके परिवारों को भी एक सुदृढ़ आर्थिक सुरक्षा कवच मिला है।
तकनीकी कर्मचारी संघ ने उम्मीद जताई है कि बोर्ड प्रबंधन भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों और उनकी सुरक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों पर इसी तरह सकारात्मक और संवेदनशील रुख अपनाए रखेगा।



