मशोबरा, 19 नवंबर 2026।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मशोबरा में आज जिला उपायुक्त शिमला के मार्गदर्शन में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अग्निशमन कार्यालय शिमला से अग्निशमन अधिकारी श्री मनसा राम, अग्रणी अग्निशमन कर्मी राजीव कुमार तथा अग्निशमन कर्मी श्री कुलदीप विशेष रूप से
उपस्थित रहे। अग्निशमन दल द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षा के विभिन्न उपायों की विस्तृत तकनीकी जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, अग्निशामक यंत्रों के संचालन, आग पर काबू पाने की तकनीकों, आपातकालीन निकासी, सुरक्षित स्थान पर पहुँचने तथा संकट की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को आग लगने के संभावित कारणों, प्राथमिक बचाव उपायों तथा आपदा के समय धैर्य एवं सूझबूझ से कार्य करने के महत्व से भी अवगत करवाया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मीनाक्षी सूद ने अपने संबोधन में कहा कि आपदा एवं अग्नि दुर्घटनाएँ कभी भी घटित हो सकती हैं। ऐसी परिस्थितियों में जागरूकता, पूर्व तैयारी तथा सही तकनीकी जानकारी अनमोल सिद्ध होती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सतर्कता एवं संकट प्रबंधन की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अग्निशमन विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा दी गई व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी विद्यार्थियों तथा शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रही।
इस मॉक ड्रिल में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे तथा सभी ने पूरे उत्साह एवं गंभीरता के साथ प्रशिक्षण में भाग लेकर महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती मीनाक्षी सूद ने अग्निशमन विभाग शिमला से पधारे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
