आरोप : समर फेस्टिवल में हिमाचली कलाकारों की अनदेखी? विक्की राजटा की कॉल रिकॉर्डिंग वायरल
समर फेस्टिवलों में पहाड़ी कलाकारों की अनदेखी पर गायक विक्की राजटा ने उठाए सवाल
शिमला, 12 जून। हिमाचल के प्रसिद्ध लोक गायक विक्की राजटा ने प्रदेश में आयोजित होने वाले समर फेस्टिवलों में स्थानीय कलाकारों की उपेक्षा का मुद्दा उठाया है। सोशल मीडिया पर जारी एक कॉल रिकॉर्डिंग के माध्यम से उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी राज्यों से आने वाले कलाकारों को लाखों रुपये का भुगतान किया जाता है, जबकि हिमाचली कलाकारों को अपेक्षाकृत बहुत कम पारिश्रमिक मिलता है और कई बार भुगतान के लिए महीनों तक इंतजार करना पड़ता है।
विक्की राजटा ने कहा कि प्रदेश के लोक कलाकार अपनी संस्कृति और लोक संगीत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उनके योगदान के अनुरूप सम्मान और आर्थिक सहयोग नहीं मिल रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब हिमाचल में प्रतिभाशाली कलाकारों की कमी नहीं है तो फिर आयोजनों में बाहरी कलाकारों पर अधिक खर्च क्यों किया जा रहा है।
गायक ने प्रदेश सरकार और संबंधित आयोजन समितियों से मांग की है कि स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाए तथा उनके पारिश्रमिक और भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए। इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है और कई कलाकारों ने स्थानीय प्रतिभाओं को अधिक अवसर देने की मांग का समर्थन किया है।

