शिक्षा

क्लस्टर प्रणाली की नई पहल: मशोबरा विद्यालय में संयुक्त वार्षिक समारोह ने रची सफलता की नई इबारत

WhatsApp Image 2026-04-14 at 3.51.44 PM

 

राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मशोबरा में शिक्षा विभाग द्वारा प्रारंभ की गई क्लस्टर प्रणाली के अंतर्गत वर्ष 2025 का प्रथम संयुक्त वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह अद्वितीय गरिमा, भव्यता और उत्सवधर्मी उल्लास के बीच संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मशोबरा, राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला मशोबरा, राजकीय प्राथमिक पाठशाला धनैंन एवं राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुफ्टू के छात्र-छात्राएं, अभिभावक और गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे विद्यालय परिसर में ऊर्जा, सामुदायिक सहयोग और सांस्कृतिक सौहार्द की अनुपम झलक देखने को मिली।

WhatsApp Image 2026-05-07 at 3.50.10 PM
WhatsApp Image 2026-05-07 at 3.50.21 PM
WhatsApp Image 2026-05-14 at 5.38.45 PM

कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय उपायुक्त डॉ. अनुपम कश्यप की ओर से उनके प्रतिनिधि एवं खंड विकास अधिकारी श्री अंकित कोटिया ने गरिमामयी ढंग से की। इस अवसर पर जिला शिमला उपनिदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) श्रीमती निशा भलूणी, बी.डी.सी. चेयरपर्सन श्रीमती चंद्रकांता, ग्राम पंचायत मशोबरा की प्रधान श्रीमती गायत्री वर्मा तथा क्षेत्र की लोकप्रिय पार्षद श्रीमती विशाखा मोदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों का स्वागत विद्यालय परिवार द्वारा पारंपरिक आतिथ्य-सम्मान के साथ किया गया।

समारोह का शुभारंभ मंगलमय गणेश वंदना, ज्ञानदायिनी सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के मधुर स्वरों के साथ हुआ। इसके पश्चात 14 से 20 नवंबर 2025 तक आयोजित सात दिवसीय NSS विशेष शिविर की साप्ताहिक रिपोर्ट आकर्षक और प्रभावशाली प्रस्तुतिकरण के माध्यम से सभी के सम्मुख रखी गई, जिसने विद्यार्थियों की सेवा भावना और सृजनशीलता को उजागर किया।

No Slide Found In Slider.

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में एक अलग ही रंग भर दिया। विद्यालय की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत राजस्थानी लोकनृत्य तथा प्राथमिक पाठशाला को के विद्यार्थियों का लोकनृत्य दर्शकों के हृदय को स्पर्श करता रहा। प्लस वन की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत Legium V पहाड़ी नृत्य, अष्टम कक्षा की Mass PT, बालाश्रम छात्राओं का मनोहारी किन्नौरी नृत्य तथा दशवीं कक्षा की मार्मिक लघुनाटिका ऑपरेशन सिंदूर ने कार्यक्रम को विशेष ऊँचाइयों तक पहुँचाया। इसके अतिरिक्त सप्तम कक्षा की योग-क्रियाएँ, वरिष्ठ वर्ग का वाद्य-विधान और छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति एवं लोकनृत्यों की श्रृंखला ने वातावरण को उत्साहपूर्ण, भावनात्मक और प्रेरणादायी बना दिया।

प्रधानाचार्या डॉ अनीता गुप्ता द्वारा प्रस्तुत वार्षिक प्रतिवेदन में विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचारों तथा भविष्य की योजनाओं का समग्र चित्रण किया गया। रिपोर्ट ने विद्यालय की दूरदर्शी सोच एवं प्रगतिशील शिक्षा मॉडल को रेखांकित किया।

मुख्य अतिथि श्री अंकित कोटिया ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ देते हुए उपायुक्त का संदेश भी प्रस्तुत किया। उन्होंने घोषणा की कि वे व्यक्तिगत रूप से विद्यालय के दस जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक व शैक्षणिक सहायता प्रदान करेंगे तथा विद्यालय की लाइब्रेरी हेतु आवश्यक पुस्तकों का योगदान भी देंगे। उपनिदेशक श्रीमती निशा भलूणी ने क्लस्टर प्रणाली की अनिवार्यता, उद्देश्य एवं लाभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि यह मॉडल शिक्षा की गुणवत्ता, संसाधनों के उचित उपयोग और विद्यालयों के सामूहिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

समारोह के अंत में विविध गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में गौरव, प्रेरणा और उत्साह का वातावरण निर्मित हुआ। इस प्रकार आयोजित यह भव्य समारोह शिक्षा विभाग की क्लस्टर प्रणाली की सफल, सार्थक और प्रेरणादायी शुरुआत के रूप में विद्यालय के इतिहास में अपनी विशेष छाप छोड़ गया।

Deepika Sharma

Related Articles

Back to top button
Close