विविध

हिमाचल के साथ केंद्र सरकार का सौतेला व्यवहारः प्रियंका गांधी

कांग्रेस की सरकार ने किया हिमाचल प्रदेश का विकासः मुख्यमंत्री

No Slide Found In Slider.

 

सोनिया गांधी ने किया पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण

WhatsApp Image 2026-05-07 at 3.50.10 PM
WhatsApp Image 2026-05-07 at 3.50.21 PM
WhatsApp Image 2026-05-14 at 5.38.45 PM
WhatsApp Image 2026-05-18 at 5.53.59 PM
WhatsApp Image 2026-05-18 at 5.53.59 PM (1)

कांग्रेस संसदीय पार्टी की नेता सोनिया गांधी ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर कांग्रेस की महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। वह ऐसे शख्स थे, जिनके दिल में हमेशा हिमाचल प्रदेश की भलाई रही। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से लेकर मेरे परिवार का हिमाचल प्रदेश के साथ विशेष लगाव है। यहां मेरा सिर्फ घर ही नहीं है, बल्कि मुझे पहाड़ों से भी बहुत लगाव है।
वीरभद्र सिंह को याद करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि राजनीति में कम ही मिसाल हैं, जो नेता सचाई पर चलते हैं। महात्मा गांधी ने देश को और वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश को जो रास्ता दिखाया, वही कांग्रेस पार्टी की मूल विचारधारा है। आज ऐसे नेताओं और राजनीति की जरूरत है जो सोशल मीडिया से आगे बढ़कर लोगों के लिए काम करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी निडर होकर सच बोलते हैं और कांग्रेस पार्टी की इसी विचारधारा को प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसी विचारधारा पर चली है और चलती रहेगी। देश को विकास की राजनीति चाहिए, लेकिन जो केंद्र में सत्तासीन हैं वह इस विचारधारा से दूर है।
कांग्रेस महासचिव ने केंद्र सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में आपदा के दौरान सैंकड़ों परिवार उजड़ गए और हर तरफ तबाही मची लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आग्रह के बावजूद केंद्र सरकार ने यहां के लोगों की कोई मदद नहीं की। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री सुक्खू प्रदेश के आपदा प्रभावितों का दर्द समझते हैं। वह हर जगह गए। उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों के लिए केंद्र से मदद मांगी, लेकिन वह प्रदेश को नहीं मिली क्योंकि भाजपा की राजनीति सिर्फ चुनाव जीतने के लिए हैं।’’
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांग्रेस संसदीय पार्टी की नेता सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी का हिमाचल आने पर स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें तीस साल तक कांग्रेस में वीरभद्र सिंह के साथ काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह से बहुत कुछ सीखा और प्रदेश की जनता उन्हें सड़कों के नेता के रूप में जानती हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने वर्ष 1971 में हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया, जबकि भाजपा के नेता ‘स्टेटहुड को मारो ठुड’ का नारा लगाते थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश गांधी परिवार का ऋणी रहेगा, जिन्होंने इस प्रदेश के विकास के लिए भरपूर मदद दी। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की सोच के कारण हिमाचल प्रदेश को आईआईटी मंडी, आईआईएम सिरमौर और केंद्रीय विश्वविद्यालय मिला। प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश में अपना घर बनाया है, जिससे पर्यटन को फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास कांग्रेस पार्टी की देन है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह खुशी की बात है आज वीरभद्र सिंह की मूर्ति का अनावरण हुआ है और हमारे लिए यह भावुक क्षण है। सोनिया गांधी तथा प्रियंका गांधी ने इस कार्यक्रम मे आकर शोभा बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू भी वीरभद्र सिंह की तरह सादगी का जीवन जीते हैं और लोगों के कल्याण के लिए दिन-रात प्रयासरत रहते हैं।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया और प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार ने हिमाचल के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान किया। उन्होंने वीरभद्र सिंह को आधुनिक हिमाचल का निर्माता बताते हुए कहा कि हम उनकी ही पाठशाला में पढ़े हैं। वीरभद्र सिंह का प्रदेश के लोगों के साथ भावनात्मक रिश्ता था। वह रात 12 बजे तक जन-समस्याएं सुनते थे और हमेशा प्रदेश के लोगों के दुख-दर्द में साथ खड़े रहते थे। वीरभद्र सिंह ने शिक्षा और महिलाओं के उत्थान के लिए जीवन भर काम किया।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन मेरे जीवन का सबसे भावनात्मक क्षण है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने अपना पूरा जीवन जन सेवा के लिए समर्पित किया और प्रदेश में विकास का नया अध्याय लिखा है। आज उनकी प्रतिमा का अनावरण मात्र एक औपचारिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और जन-भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोगों के विश्वास पर खरा उतरना वीरभद्र सिंह की सोच का प्रतीक है। रोजगार, शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने अभूतपूर्व कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मैं अपने पिता के दिखाए आदर्शों पर चलने की कोशिश कर रहा हूं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सोनिया गांधी जबकि उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रियंका गांधी को सम्मानित किया।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी विदित चौधरी और चेतन चौहान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट व दीपेंद्र हुड्डा, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायकगण, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायकों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

-0-

Deepika Sharma

Related Articles

Back to top button
Close