विशेष

शाबाश: समग्र शिक्षा की निःशुल्क कोचिंग से चमके सरकारी स्कूलों के होनहार विद्यार्थी

WhatsApp Image 2026-09-18 at 12.00.19 PM

 

*JEE में 36 और NEET में सरकारी स्कूलों के 32 विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता*

No Slide Found In Slider.

*शिमला*
समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश का ‘सुपर-100’ कार्यक्रम सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को इंजीनियर और डॉक्टर बनने के सपने साकार करने में मदद कर रहा है। इस कार्यक्रम के तहत निःशुल्क कोचिंग प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों ने सत्र 2025-26 में जेईई और नीट परीक्षाओं में सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग और मेडिकल संस्थानों में प्रवेश पाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों के 36 विद्यार्थी जेईई परीक्षा में सफल रहे हैं। इनमें से एक विद्यार्थी ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की, पांच विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) हमीरपुर और एक विद्यार्थी ने भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) में प्रवेश प्राप्त किया है। इसके अलावा, 16 विद्यार्थियों ने देश के अन्य प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिला लिया है। वहीं, 12 विद्यार्थियों ने बेहतर ऑल इंडिया रैंक हासिल कर देश के प्रमुख आईआईटी और एनआईटी में प्रवेश पाने के लक्ष्य के साथ एक वर्ष और तैयारी करने का निर्णय लिया है।

*NEET परीक्षा में 32 विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता*
इसी तरह, राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में भी 32 मेधावी विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इनमें से दो विद्यार्थियों ने एमबीबीएस (MBBS) और बीएएमएस (BAMS) जैसे चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया है। वहीं, चार विद्यार्थियों ने रेडियोलॉजी, पैरामेडिकल और बीएससी (B.Sc.) जैसे अन्य चिकित्सा एवं विज्ञान संबंधी पाठ्यक्रमों में दाखिला प्राप्त किया है। शेष सफल विद्यार्थी आगामी सत्र में देश के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश पाने के लक्ष्य के साथ अपनी तैयारी जारी रखे हुए हैं।

No Slide Found In Slider.

*ऑनलाइन निःशुल्क कोचिंग, अध्ययन सामग्री देने के साथ बूटकैंप भी लगा रहा समग्र शिक्षा*
समग्र शिक्षा, अवंती फेलोज़ (Avanti Fellows) के सहयोग से हिमाचल में सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को जेईई और नीट की निःशुल्क कोचिंग देने के लिए ‘सुपर-100’ कार्यक्रम चला रहा है।
इस कार्यक्रम के तहत सरकारी स्कूलों के मेधावी बच्चों को ऑनलाइन निःशुल्क कोचिंग, अध्ययन सामग्री, बूटकैंप और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जा रहा है, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें। इसका उद्देश्य साफ है कि आर्थिक कठिनाइयां किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई और भविष्य के सपनों में बाधा न बने।
समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक राजीव कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ सभी बच्चों को समान और बेहतरीन शिक्षा के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से समग्र शिक्षा के माध्यम से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पहल से सरकारी स्कूलों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने सपने पूरे करने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने जेईई और नीट में सफल सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं।

Deepika Sharma

Related Articles

Back to top button
Close