एक सशक्त व अनुभवी महासंघ जल्द खड़ा हो जाएगा

हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों के सबसे बड़े महासंघ के गठन की रूपरेखा को लेकर वन विभाग विश्राम गृह खलीनी में विभिन्न विभागों से चुने हुए पदाधिकारियों की संयोजक कमेटी की बैठक की गई।

जिसमें 11 विभागों से चुने हुए पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में उद्यान विभाग कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष राजीव चौहान, जलशक्ति विभाग एनजीओ के अध्यक्ष एल ड़ी चौहान, वन विभाग एनजीओ से नृपजीत सिंह ठाकुर, अभियोजन विभाग एनजीओ के अध्यक्ष जयकृष्ण शर्मा, इंजीनियर वेलफेयर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मस्त राम बरागटा, भाषा एवं संस्कृति विभाग एनजीओ के अध्यक्ष हिमेन्द्र मोहन शर्मा, स्वास्थ्य विभाग से करन राजटा, तकनीकी शिक्षा विभाग से गोपाल सिंह वर्मा, कुमार गौरव, रितेश वर्मा व जोगिंदर सिंह वर्मा उपस्थित रहे। महासंघ की पूर्व कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण हो जाने पर पुनः संवैधानिक चुनाव करवाने बारे प्रदेश सरकार व महासंघ के पूर्व अध्यक्ष को पत्राचार के माध्यम से पहले ही अवगत करवाया जा चुका है और समय पर चुनाव प्रक्रिया शुरू न करवा पाने की सूरत में स्वतंत्र तौर पर चुनाव प्रक्रिया करवाने बारे भी पहले ही पत्र के माध्यम से सरकार के ध्यान में व पूर्व अध्यक्ष के ध्यान में लाया जा चुका है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द एनजीओ फेडरेशन के चुनाव की प्रक्रिया खंड स्तर से प्रारंभ करते हुए राज्य स्तर तक पूर्ण कर दी जाएगी। प्रदेश के सभी श्रेणियों के कर्मचारियों को लंबे समय से एनजीओ फेडरेशन के गठन का इंतजार था जो जल्द खत्म हो जाएगा और कर्मचारियों की मांगों पर सँघर्ष हेतु एक सशक्त व अनुभवी महासंघ खड़ा हो जाएगा। प्रदेश के सभी कर्मचारी एकजुटता से महासंघ के गठन में अपनी भूमिका निभाएं तथा किसी अन्य प्रलोभन में न भटके। जल्द मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अभियान की शुरुआत कर दी जाएगी।



