आज ‘द रोटरी क्लब शिमला मिडटाउन’ के तत्वावधान में आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, शिमला में बाल दिवस के उपलक्ष्य पर एक भव्य भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने बड़े उत्साह और आत्मविश्वास के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में द रोटरी क्लब शिमला मिडटाउन के अध्यक्ष श्री कवि खन्ना, आर्य समाज शिमला के मंत्री एवं रोटेरियन श्री योगेश आर्य जी सहित क्लब के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब के अध्यक्ष श्री कवि खन्ना ने समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे देश और प्रदेश में फैल रहे ‘चिट्टा’ जैसे जानलेवा नशीले पदार्थों से सदैव दूर रहें। साथ ही उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे अपनी दिनचर्या में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और शारीरिक व्यायाम को भी अनिवार्य रूप से शामिल करें, क्योंकि एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को क्लब की ओर से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अनुपम गुलेरिया ने सभी सम्मानित अतिथियों और विशेष रूप से द रोटरी क्लब शिमला मिडटाउन के पदाधिकारियों व प्रबंधन समिति आर्य समाज शिमला का इस ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक आयोजन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।