हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आज दिनांक 17 नवंबर 2026 को शिमला में समिति के अध्यक्ष समर चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की
गई। बैठक में समिति के उपाध्यक्ष हरीश पराशर, सचिव खेमेंद्र गुप्ता, प्रवक्ता एच.के. शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेश ठाकुर एवं अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य संजय बड़वाल, केशव वर्मा, हितेन्द्र कंवर, खेम चंद, जिया लाल ठाकुर, अनित कुमार, गोपाल लाल, देवी चंद शर्मा, मनोज शर्मा, कपिल शर्मा ने भाग लिया। बैठक में निगम एवं कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों, वर्तमान कार्यप्रणाली तथा कर्मचारियों की लंबित मांगों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संयुक्त समन्वय समिति शीघ्र ही निगम के प्रबंध निदेशक से मुलाकात कर कर्मचारियों एवं निगम हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को शामिल करते हुए संशोधित मांग पत्र सौंपेगी तथा उनके शीघ्र समाधान की मांग उठाएगी।
बैठक में निगम की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए विशेष रूप से कार्यशालाओं की लगातार हो रही अनदेखी पर गंभीर सवाल उठाए गए। पदाधिकारियों ने कहा कि कार्यशालाओं में स्पेयर पार्ट्स की भारी कमी, लुब्रिकेंट्स ऑयल की अनुपलब्धता तथा टायरों की कमी के कारण बसों के रखरखाव एवं संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त कार्यशालाओं में कर्मचारियों की भारी कमी के चलते पहले से कार्यरत कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार डाला जा रहा है, जिससे कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
समिति ने कहा कि बसों के लगातार बढ़ते ब्रेकडाउन के कारण अनेक रूट प्रभावित हो रहे हैं। इसका सीधा असर आम जनता को मिलने वाली परिवहन सुविधा पर पड़ रहा है और बार-बार बस सेवाएं बाधित होने से हिमाचल पथ परिवहन निगम की छवि भी धूमिल हो रही है। समिति का मानना है कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो निगम की परिचालन व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है।
बैठक में पूर्व में आयोजित निदेशक मंडल की बैठक में लिए गए उस निर्णय पर भी विशेष चर्चा की गई, जिसके अनुसार कोई भी क्षेत्रीय प्रबंधक अपनी मर्जी से निगम के संचालित रूट को बंद अथवा फेल नहीं कर सकता। किसी भी रूट का संचालन बंद करने से पहले क्षेत्रीय प्रबंधक के लिए प्रबंध निदेशक से अनुमति लेना अनिवार्य है। समिति ने चिंता जताई कि इस निर्णय की भावना के अनुरूप सभी क्षेत्रों में कार्य होना चाहिए, ताकि मनमाने ढंग से रूट प्रभावित न हों और आम जनता को नियमित परिवहन सुविधा मिलती रहे।
संयुक्त समन्वय समिति ने निगम प्रबंधन से मांग की है कि कार्यशालाओं को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक स्पेयर पार्ट्स, लुब्रिकेंट्स ऑयल एवं टायर उपलब्ध करवाए जाएं, रिक्त पदों को भरकर कर्मचारियों की कमी दूर की जाए तथा ब्रेकडाउन पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही निदेशक मंडल के निर्णयों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित की जाए।
समिति के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निगम को आर्थिक एवं परिचालन की दृष्टि से मजबूत बनाने के लिए कर्मचारियों की समस्याओं और कार्यशालाओं की जरूरतों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। निगम की बसों का सुचारू संचालन, कर्मचारियों को बेहतर कार्य परिस्थितियां तथा आम जनता को विश्वसनीय परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाना प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
संयुक्त समन्वय समिति ने उम्मीद जताई कि निगम प्रबंधन इन महत्वपूर्ण विषयों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक पहल करेगा तथा कर्मचारियों एवं निगम हित में लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेगा।
