शिमला, 25 नवंबर।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, किसानों को रासायनिक खादों और कीटनाशकों के दुष्प्रभावों से अवगत करवाने तथा पर्यावरण के अनुकूल टिकाऊ कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से साई इटरनल फाउंडेशन शिमला में राज्यस्तरीय सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है। ‘प्राकृतिक खेती एवं रसायन मुक्त कृषि (प्राकृतिक खेती–जहर मुक्त खेती)’ विषय पर यह सम्मेलन 29 नवंबर, रविवार को सुबह 10 बजे आनंद विलास, पुजारली स्थित सत्य साई कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगा।
सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत मुख्य वक्ता एवं विशेष अतिथि के रूप में सम्मेलन को संबोधित करेंगे। आचार्य देवव्रत हिमाचल प्रदेश में अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान प्राकृतिक खेती के आंदोलन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समारोह की अध्यक्षता करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और कृषि विशेषज्ञों को भी आमंत्रित किया गया है।
सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से किसान, कृषि वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि, सरकारी विभागों, पंचायती राज संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस दौरान प्राकृतिक खेती की तकनीकों, पारंपरिक कृषि संसाधनों और रसायन मुक्त उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए कृषि प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके साथ ही विशेषज्ञों के व्याख्यान और किसानों के साथ संवाद के माध्यम से खेती से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक खेती के स्वास्थ्य, आर्थिक और पर्यावरणीय लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, मिट्टी की उर्वरता और जैव विविधता का संरक्षण करना, जल संसाधनों को सुरक्षित रखना तथा खेती की लागत कम करने के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग को प्रोत्साहित करना है। इसके अलावा किसानों को वैज्ञानिक मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अनुभव साझा करने के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ उनकी उपज के लिए बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
साई इटरनल फाउंडेशन शिमला स्थित एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो कंपनी अधिनियम की धारा-8 के तहत कार्यरत है। संस्था आत्मनिर्भर मॉडल पर आधारित है और इंजीनियरिंग परामर्श, बुनियादी ढांचा विकास, जलविद्युत परियोजनाओं तथा अन्य तकनीकी गतिविधियों से संसाधन जुटाकर शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, कर्मचारी कल्याण, ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में उनका उपयोग करती है।
फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य एवं निदेशक इंजीनियर राज कुमार वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, किसानों का कल्याण और सतत विकास एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। हिमाचल प्रदेश की दीर्घकालिक समृद्धि के लिए मिट्टी, जल संसाधनों, कृषि विरासत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का संरक्षण बेहद आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए किसानों को चरणबद्ध तरीके से प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इसके लिए उचित तकनीकी मार्गदर्शन और व्यावहारिक मूल्यांकन जरूरी है, ताकि किसान बाहरी कृषि संसाधनों पर निर्भरता कम कर सकें, मिट्टी की सेहत सुधार सकें और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकें।
फाउंडेशन ने प्रदेश के किसानों, कृषि विशेषज्ञों, पंचायती राज प्रतिनिधियों और आम जनता से सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, ताकि हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती को व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।
“स्वस्थ मिट्टी, स्वस्थ भोजन, समृद्ध किसान और टिकाऊ भविष्य” सम्मेलन का मूल संदेश रहेगा।
