असर विशेष: मुक्कों से भी दम दिखाया, भार उठाकर भी जीता सोना… दधोगी की बेटी भावना का कमाल
बरोटीवाला में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बॉक्सिंग और भार-तोलन दोनों में हासिल किया स्वर्ण पदक

बरोटीवाला।
हौसला हो तो मंजिल तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता। इस बात को सच कर दिखाया है ग्राम पंचायत दधोगी के गांव लहताना की बेटी भावना ठाकुर ने। +2 सीनियर स्तर की खिलाड़ी भावना ने बरोटीवाला में आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि एक नहीं, बल्कि दो अलग-अलग खेलों में गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
भावना ने बॉक्सिंग में अपने दमदार प्रदर्शन से स्वर्ण पदक हासिल किया, वहीं भार-तोलन (Weight Lifting) में भी अपनी ताकत और मेहनत का लोहा मनवाते हुए गोल्ड मेडल जीता। दो अलग-अलग खेलों में राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना भावना की खेल प्रतिभा, मेहनत और जज्बे को दर्शाता है।
भावना ठाकुर कुलदीप ठाकुर और पूनम ठाकुर की बेटी हैं। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं गांव लहताना और ग्राम पंचायत दधोगी के लोगों में भी गर्व की भावना है।
बॉक्सिंग के रिंग में मुक्कों की ताकत हो या भार-तोलन में दमखम—भावना ने दोनों मैदानों में सोना जीतकर साबित कर दिया कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। भावना की इस उपलब्धि ने न केवल उसके माता-पिता और गांव का नाम रोशन किया है, बल्कि क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए भी एक मिसाल कायम की है।




