NDRF ने नाहन कॉलेज में सिखाए आपदा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार के गुर

नाहन, 31 जुलाई। डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की 14वीं बटालियन, जसूर (नूरपुर) ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) सिरमौर के सहयोग से आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव तथा प्राथमिक उपचार पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया। प्रशिक्षण शिविर में 221 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपदा के दौरान सही निर्णय लेने, स्वयं को सुरक्षित रखने और जरूरतमंदों की सहायता करने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण देना था। NDRF टीम ने विद्यार्थियों को आग, भूकंप, बाढ़ सहित विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षित निकासी के तरीकों की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को सीपीआर का लाइव प्रदर्शन कर आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार के महत्व को समझाया गया। इसके अलावा रक्तस्राव रोकने, घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने तथा खोज एवं बचाव की विभिन्न तकनीकों का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सब-इंस्पेक्टर अनिल सिंह, कांस्टेबल सब्बीर, कांस्टेबल विक्रम, कांस्टेबल पाटिल अमोल और कांस्टेबल नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला, डॉ. देवराज शर्मा और प्रो. भारती मौजूद रहे। महाविद्यालय के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. जगदीश चंद, डॉ. जय चंद, प्रो. रजत, प्रो. संदीप, प्रो. दिव्या, प्रो. अनिल तथा श्री अनिल कुमार (एलए) ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
प्रशिक्षण में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, रोवर्स एवं रेंजर्स तथा भूगोल विभाग के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. जय चंद ने NDRF की 14वीं बटालियन, DDMA सिरमौर, महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आपदा के प्रति जागरूकता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा आपदा के समय सजग, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के संकल्प के साथ हुआ।


