हिमाचल मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन को मिला नया नेतृत्व, डॉ. अंकुश ठाकुर बने अध्यक्ष
26वीं जनरल हाउस एवं राज्य कार्यकारिणी चुनाव-2026 शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न, चिकित्सकों के हितों और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
शिमला, 26 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (एचएमओए) की 26वीं जनरल हाउस एवं राज्य कार्यकारिणी चुनाव-2026 का आयोजन रविवार को शिमला में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। शिमला जिला इकाई द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में मेडिकल ऑफिसर्स ने भाग लिया और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता तथा लोकतांत्रिक परंपराओं में विश्वास जताया।
जनरल हाउस की बैठक के दौरान संगठन के पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। साथ ही चिकित्सकों के सेवा हितों, कैरियर प्रोग्रेशन, कार्य परिस्थितियों में सुधार, सेवा सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में संगठन की भावी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इसके बाद राज्य कार्यकारिणी के विभिन्न पदों के लिए चुनाव एवं निर्विरोध निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई। चुनाव परिणामों के अनुसार डॉ. अंकुश ठाकुर को हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर डॉ. प्रवीण चौहान और डॉ. करनजीत सिंह निर्वाचित हुए, जबकि डॉ. वैशाली शर्मा उपाध्यक्ष चुनी गईं।
इसी प्रकार डॉ. विकास ठाकुर को महासचिव, डॉ. विजय राय को प्रेस सचिव, डॉ. सुनीश चौहान को कोषाध्यक्ष, डॉ. योगराज वर्मा को संगठन सचिव, डॉ. मनोज कुमार को आईटी सचिव तथा डॉ. मोहित डोगरा को विधिक सचिव चुना गया। संयुक्त सचिव पद पर डॉ. राहुल श्याम, डॉ. बाल कृष्ण कौंडल, डॉ. दुष्यंत कुमार, डॉ. उत्सव सोनी तथा महिला आरक्षित सीट से डॉ. प्रतिभा निर्वाचित हुईं।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन चिकित्सकों के अधिकारों, सम्मान, सेवा सुरक्षा, कैरियर प्रोग्रेशन तथा प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करता रहेगा। उन्होंने चिकित्सकों की लंबित मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का भी भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के समापन पर शिमला जिला इकाई, आयोजन समिति के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों तथा प्रदेशभर से पहुंचे प्रतिनिधियों का सफल, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विशेष रूप से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया गया।


