27 जुलाई से APG यूनिवर्सिटी में नए सत्र की धमाकेदार शुरुआत, 4 दिन तक चलेगा ओरिएंटेशन

27 जुलाई से APG यूनिवर्सिटी में नए सत्र की धमाकेदार शुरुआत, 4 दिन तक चलेगा ओरिएंटेशन
शिमला, 24 जुलाई। शिमला विश्वविद्यालय (एपीजी) में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए 27 जुलाई 2026 से चार दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, विभिन्न विभागों, सुविधाओं और छात्र जीवन से परिचित कराना है।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. आर. एल. शर्मा ने बताया कि नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय नए विद्यार्थियों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार और उत्साहित है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि चार दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के इतिहास, उपलब्धियों, शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न स्कूलों एवं विभागों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, छात्रावास, खेल सुविधाओं और प्रशासनिक कार्यालयों की जानकारी दी जाएगी।
विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण भी आयोजित किया जाएगा, ताकि वे परिसर की प्रमुख सुविधाओं और संसाधनों से परिचित हो सकें। इसके साथ ही उन्हें शिक्षकों, विभागाध्यक्षों, छात्र सहायता सेवाओं, क्लबों, समितियों तथा विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शिमला के प्राकृतिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परिवेश से परिचित कराने के लिए विश्वविद्यालय ने पिकनिक और आउटरीच कार्यक्रम की भी योजना बनाई है। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच आपसी संवाद, टीम भावना और सहभागिता को बढ़ावा देना है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय जीवन में सहज रूप से समायोजित होने, नए मित्र बनाने और अपने शैक्षणिक सफर की सकारात्मक शुरुआत करने में सहायता करेगा।

