सिर्फ दो बूंद, जिंदगी भर की सुरक्षा! 28 जून को लगेगा पल्स पोलियो अभियान

सिर्फ दो बूंद, जिंदगी भर की सुरक्षा! 28 जून को लगेगा पल्स पोलियो अभियान
शिमला, 27 जून 2026: हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन रविवार, 28 जून 2026 को किया जाएगा। इस अभियान के दौरान प्रदेश के 5.94 लाख से अधिक पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन (पोलियो की दो बूंद) पिलाई जाएगी। इसके लिए पूरे प्रदेश में 4,753 पल्स पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं।
अभियान के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। पोलियो वैक्सीन सहित आवश्यक सामग्री सभी जिलों एवं बूथों तक पहुँचा दी गई है तथा प्रशिक्षित टीकाकरण दल और पर्यवेक्षकों की तैनाती कर दी गई है। अभियान की तैयारियों की समीक्षा 23 जून 2026 को स्वास्थ्य सचिव, हिमाचल प्रदेश, श्रीमती एम. सुधा देवी, आईएएस की अध्यक्षता में आयोजित राज्य टीकाकरण कार्यबल की बैठक में की गई थी। बैठक में विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों ने भाग लिया तथा अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। इसी प्रकार सभी जिलों में भी उपायुक्तों की अध्यक्षता में बैठकें आयोजित कर सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों के साथ तैयारियों की समीक्षा की जा चुकी है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, हिमाचल प्रदेश के मिशन निदेशक, श्री प्रदीप कुमार ठाकुर, आईएएस ने प्रदेश के सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे 28 जून (रविवार) को अपने पाँच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को, चाहे उसे पहले पोलियो की खुराक मिल चुकी हो, अपने नजदीकी पल्स पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएँ और पोलियो की दो बूंद पिलाएँ।
उन्होंने बताया कि बूथ दिवस के बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएँगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुँच पाए, ताकि कोई भी बच्चा छूटने न पाए।
मिशन निदेशक ने नव निर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, शहरी निकायों के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामुदायिक नेताओं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक बच्चों को बूथों तक लाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं द्वारा सभी पात्र बच्चों की लाइन लिस्ट पहले ही तैयार कर ली गई है, जिससे प्रत्येक बच्चे तक पहुँचना सुनिश्चित किया जाएगा।
श्री ठाकुर ने कहा कि भारत वर्ष 2011 से पोलियो वायरस से मुक्त है, जो देश की एक बड़ी उपलब्धि है। लेकिन पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं. इसलिए भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे 28 जून को अपने पाँच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएँ, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो से असुरक्षित न रहे।




