ग्रामीण छात्रों के लिए सुनहरा अवसर, सरकारी स्कूलों में शुरू हुई CBSE आधारित शिक्षा

मुख्यमंत्री सुक्खू ने यह सुनिश्चित किया है कि प्रदेश का हर विद्यार्थी आधुनिक शिक्षा, नवीन तकनीकों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के अनुरूप तैयार हो सके। सीबीएसई पैटर्न अपनाने से विद्यार्थियों को जेईई, नीट, सीयूईटी तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा, वहीं उनकी रचनात्मकता, तार्किक सोच और व्यक्तित्व विकास को भी नई दिशा प्राप्त होगी।
शिक्षा के क्षेत्र में यह परिवर्तन मुख्यमंत्री की उस सोच को प्रतिबिंबित करता है, जिसमें वे हिमाचल के बच्चों को देश और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ अवसरों से जोड़ना चाहते हैं। उनकी दूरदृष्टि, संवेदनशील नेतृत्व और शिक्षा सुधारों के प्रति दृढ़ संकल्प ने प्रदेश में एक नई शैक्षणिक क्रांति का मार्ग प्रशस्त किया है। आने वाले वर्षों में यह पहल हिमाचल को ज्ञान, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अग्रणी केंद्र बनाने में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
पहाड़ी और दूरदराज क्षेत्रों के अनेक विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा तक पहुंच पहले चुनौतीपूर्ण थी। लेकिन अब सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई आधारित पाठ्यक्रम, आधुनिक शिक्षण तकनीक, गतिविधि आधारित शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें वही अवसर उपलब्ध हो रहे हैं जो देश के प्रतिष्ठित विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को प्राप्त होते हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने 151 स्कूलों को सीबीएसई से भी संबद्ध किया है जिसमें शिमला जिला के 24 स्कूल शामिल हैं।
जिला के यह स्कूल हुए हैं शामिल
जिला शिमला में सीबीएसई पैटर्न के अंतर्गत उन्नत किए गए विद्यालयों में कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बल्देयां तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटी, शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोटा शिमला, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पोर्टमोर तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिमला (बालक), चौपाल विधानसभा क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौपाल, देहा, कुपवी तथा नेरवा, रामपुर विधानसभा क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दत्तनगर, झाकड़ी, ननखड़ी तथा रामपुर (बालक), शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घणाहट्टी, शोघी तथा सुन्नी, जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल (बालक), सरस्वतीनगर तथा टिक्कर, ठियोग विधानसभा क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुमारसैन, मतियाना, सैंज तथा ठियोग (बालिका) तथा रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहड़ू (बालक) को सम्मिलित किया गया है।
इन विद्यालयों के सीबीएसई पैटर्न में रूपांतरण से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नवाचार आधारित अधिगम तथा उच्च शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
प्रतियोगी परीक्षाओं में बढ़ेगी सफलता
सीबीएसई पैटर्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे जेईई, नीट, सीयूईटी तथा अन्य प्रवेश परीक्षाओं के अनुरूप माना जाता है। इसके लागू होने से विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही अवधारणात्मक (Conceptual) शिक्षा प्राप्त होगी, जिससे उनकी तार्किक क्षमता और विषयों की समझ बेहतर होगी। परिणामस्वरूप वे उच्च शिक्षा और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में अधिक आत्मविश्वास के साथ भाग ले सकेंगे। नई व्यवस्था विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें समस्याओं का समाधान खोजने, रचनात्मक सोच विकसित करने और व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित करती है। विज्ञान प्रयोगशालाओं, डिजिटल कक्षाओं, स्मार्ट शिक्षण उपकरणों तथा परियोजना आधारित अध्ययन के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया अधिक रोचक और प्रभावी बन रही है।
ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए समान अवसर
इस परिवर्तन का सबसे बड़ा लाभ ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिलेगा। अब उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। सरकारी विद्यालयों में ही आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।
व्यक्तित्व विकास और कौशल संवर्धन
सीबीएसई पैटर्न में खेल, कला, संस्कृति, संचार कौशल, सूचना प्रौद्योगिकी तथा जीवन कौशल पर विशेष बल दिया जाता है। इससे विद्यार्थी केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और बहुआयामी व्यक्तित्व के रूप में विकसित होंगे।
भविष्य की मजबूत नींव
आज जिन विद्यालयों को सीबीएसई पैटर्न के अनुरूप उन्नत किया जा रहा है, वे आने वाले वर्षों में हजारों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेंगे। यह पहल न केवल शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाएगी, बल्कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए सक्षम बनाएगी। शिक्षा में यह परिवर्तन वास्तव में एक ऐसे भविष्य की ओर बढ़ता कदम है, जहां प्रदेश का प्रत्येक विद्यार्थी अपने सपनों को साकार करने के लिए समान अवसर, बेहतर संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकेगा। हिमाचल प्रदेश के विद्यालयों का सीबीएसई पैटर्न की ओर यह सफर आने वाली पीढ़ियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला एक मील का पत्थर साबित होगा।
शिक्षा का स्तर हुआ एक समान
प्रधानमंत्री श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोहड़ू की 11वीं कक्षा की मेडिकल की छात्रा नव्या व 11वीं कक्षा की ही छात्रा प्रियदर्शनी ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू व प्रदेश सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका विद्यालय सी.बी.एस.ई पैटर्न होने से गरीब व अमीर दोनों परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा का स्तर एक समान हो गया है और अब हमारी प्रतिस्पर्धा परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयारी सुनिश्चित हो पा रही है। इसके अलावा पढ़ाई की फीस व अन्य सम्बंधित वस्तुएं भी सस्ती है ताकि गरीब परिवार के विद्यार्थी को गुणात्मक शिक्षा प्राप्त हो सके।
वही 9वीं कक्षा की छात्रा साक्षी का कहना है कि सी.बी.एस.ई बोर्ड की शिक्षा वैचारिक अध्ययन को बढ़ावा देती है और तार्किक चिंतन को प्रोत्साहन प्राप्त होता है जिससे हमें विभिन्न प्रतिस्पर्धा परीक्षाओं में लाभ प्राप्त होगा और रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे जिसके लिए वह हिमाचल प्रदेश सरकार का तहे दिल से धन्यवाद करती हैं।
प्रधानमंत्री श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोहड़ू के प्रधानाचार्य अजीत शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का हार्दिक आभार प्रकट करते हुए कहा कि हिमाचल बोर्ड के विद्यालयों को सी.बी.एस.ई बोर्ड आधारित करने से हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों का पुनर्जन्म हो रहा है और विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने समाज के हर वर्ग के लिए शिक्षा को एक समान करने के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया और विद्यालयों को शिक्षकों व आधुनिक उपकरणों से लैस करने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह भी किया ताकि हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में देश व प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा हो रही प्राप्त
पदम राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर बुशहर के कक्षा 12वीं के छात्र प्रशांत शुक्ला व छात्रा कृतिका सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का उनके विद्यालय को सी.बी.एस.ई बोर्ड करने के लिए दिल से धन्यवाद किया और कहा कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा ग्रहण करने व विभिन्न राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्राप्त हो रहा जो पहले नहीं होता था जिससे उन्हें गुणात्मक शिक्षा प्राप्त होने के साथ उनका समग्र विकास भी सुनिश्चित हो रहा है।


