ब्रेकिंग-न्यूज़

हिमाचल में पंचायत चुनावों को लेकर तैयारियां पूरी, 26 मई से शुरू होगा मतदान

प्रदेशभर में 31,182 पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी, 10,854 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

WhatsApp Image 2026-04-14 at 3.51.44 PM

शिमला, 24 मई 2026

WhatsApp Image 2026-05-07 at 3.50.10 PM
WhatsApp Image 2026-05-07 at 3.50.21 PM
WhatsApp Image 2026-05-14 at 5.38.45 PM

हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव को लेकर विस्तृत जानकारी जारी करते हुए बताया कि प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोग के अनुसार पंचायत राज संस्थाओं के विभिन्न पदों के लिए प्रदेशभर में कुल 31,182 पदों पर चुनाव हो रहे हैं।

इनमें प्रधान के 3,754 पद, उपप्रधान के 3,754 पद, ग्राम पंचायत सदस्यों के 21,654 पद, पंचायत समिति सदस्यों के 1,769 पद तथा जिला परिषद सदस्यों के 251 पद शामिल हैं।

आयोग के अनुसार नामांकन प्रक्रिया 7, 8 और 11 मई 2026 को संपन्न हुई थी, जिसमें कुल 86,204 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन पत्रों की जांच 12 और 13 मई को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा की गई, जिसमें 742 नामांकन पत्र विभिन्न कारणों से अमान्य पाए गए। इसके बाद 14 और 15 मई को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हुई।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में उम्मीदवार निर्विरोध भी चुने गए हैं। आयोग के मुताबिक प्रदेशभर में कुल 10,854 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। यह आंकड़ा इस बार पंचायत चुनावों में आपसी सहमति और सामाजिक समन्वय को भी दर्शाता है।

WhatsApp Image 2026-05-18 at 5.53.59 PM
WhatsApp Image 2026-05-18 at 5.53.59 PM (1)

प्रदेश में मतदान तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई 2026 को कराया जाएगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से होगा। चुनावों के लिए प्रदेशभर में कुल 21,678 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 16,539 सामान्य मतदान केंद्र, 3,554 संवेदनशील तथा 1,585 अति संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जिला हमीरपुर में एक और जिला कांगड़ा में दो सहायक मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।

मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए कुल 8,198 मतदान दलों की तैनाती की गई है। आयोग के अनुसार प्रदेश में कुल 50,25,026 मतदाता इस बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं 1,293 ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी दबाव, भय या प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें। आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल वही मतदाता मतदान केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे जिनका नाम संबंधित मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज होगा। मतदाताओं के अतिरिक्त केवल अधिकृत अधिकारियों और कर्मचारियों को ही मतदान केंद्रों में प्रवेश की अनुमति होगी।

आयोग ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान करने का आग्रह किया है।

Deepika Sharma

Related Articles

Back to top button
Close