राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में ‘आरोहण’ समारोह, नई रोट्रेक्ट कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी

राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में ‘आरोहण’ समारोह, नई रोट्रेक्ट कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी

राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में रोट्रेक्ट क्लब का वार्षिक स्थापना समारोह *आरोहण* महाविद्यालय के बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान से हुआ। महाविद्यालय के रोट्रैक्ट क्लब की संयोजक डॉ. लक्ष्मी सिंधु ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने सत्र 2025- 26 में महाविद्यालय के रोट्रेक्ट क्लब द्वारा सामाजिक सरोकार से संबंधित की गई विभिन्न गतिविधियों की रिपोर्ट सभा के सामने प्रस्तुत की ।
मुख्य अतिथि महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना ने अपने संबोधन में कहा कि रोट्रैक्ट क्लब छात्राओं में सेवा, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है ।मुझे विश्वास है कि *आरोहण* के नाम से यह नई टीम महाविद्यालय का नाम रोशन करेगी।
सत्र 2026 -27 की नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष मुस्कान सिंह बीए द्वितीय वर्ष, उपाध्यक्ष सिमरन, महासचिव सरिता, सह सचिव संगीता, अनुशासन अधिकारी मनीषा,कोषाध्यक्ष छारिंग पालजोंम, क्लब सेवा निदेशक हर्षिता, समुदाय सेवा निदेशक पल्लवी नेगी, अंतर्राष्ट्रीय सेवा निदेशक निधि, और व्यावसायिक सेवा निदेशक अर्पिता चुनी गई।
नव निर्वाचित अध्यक्ष मुस्कान ने कहा कि इस वर्ष क्लब द्वारा रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, महिला स्वच्छता जागरूकता, और नशा मुक्ति अभियान जैसे जनसेवा के कार्यों को अधिक से अधिक किए जाने का प्रयास किया जाएगा।
रोटरी क्लब शिमला के अध्यक्ष श्री कवि खन्ना ने इस अवसर पर कहा कि हम सभी को जीवन भर समाज की सेवा में तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने महाविद्यालय प्राचार्या के कुशल नेतृत्व और युवा पीढ़ी को शिक्षित करने के उनके अथक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने महाविद्यालय द्वारा किए जाने वाले सामाजिक सेवा के कार्यों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय उप प्राचार्य डा. सुभाष कापटा, डॉ. कार्तिकेय चौहान, डॉ. सुरेंद्र शर्मा, रोटरी क्लब शिमला के पूर्व अध्यक्ष श्री मनवीर सिंह, रविकांत जैन, एच.एस.क्वात्रा, सचिव डॉ.सपन चौहान, डॉ.पुरांधी गुप्ता महाविद्यालय परिवार के शिक्षक गण बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया।




