
पारदर्शिता, जवाबदेही और व्यवसाय करने में सुगमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य कर एवं आबकारी विभाग वित्तीय वर्ष 2026 , 27 के लिए खुदरा आबकारी शराब ठेकों तथा प्रवेश टोल बैरियरों का आवंटन राज्य के इतिहास में पहली बार पूर्णतः पारदर्शी ऑनलाइन ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से करेगा।
ई-नीलामी इकाई-वार आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक इकाई में शामिल खुदरा आबकारी शराब ठेकों के लिए अलग-अलग ऑनलाइन बोलियां आमंत्रित की जाएंगी। आवेदक अपने घर या कार्यालय से ही दूरस्थ रूप से बोली प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त डॉ. यूनुस ने बताया कि सभी आवेदकों के लिए मान्य डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) के माध्यम से नामित ई-नीलामी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण करना आवश्यक होगा। केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा की गई बोलियां ही स्वीकार की जाएंगी। ई-नीलामी पोर्टल का लिंक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.hptax.gov.in. पर उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संभावित बोलीदाताओं को बोली प्रक्रिया में भाग लेने से पहले आबकारी नीति 2026दृ27, मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) तथा उपयोगकर्ता मार्गदर्शिका को ध्यानपूर्वक पढ़ना और समझना चाहिए। ये दस्तावेज विभागीय वेबसाइट तथा ई-नीलामी पोर्टल पर उपलब्ध रहेंगे।
इच्छुक बोलीदाताओं को ई-नीलामी प्रक्रिया से संबंधित अद्यतन जानकारी, अधिसूचनाएं तथा विस्तृत निर्देशों के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी जाती है। उन्होंने बताया कि सुगम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 0177-2620426, व्हाट्सऐप नम्बर 94183-31426, साउथ जोन 0177-2620426, नॉर्थ जोन 01894-230186 व सेन्ट्रल जोन 01905-223499 स्थापित किए गए हैं।




