विविध

उपायुक्त शिमला ने किया तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का शुभारम्भ

अभियान के तहत 09 अक्टूबर से 08 दिसंबर तक जिला शिमला में आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां

WhatsApp Image 2026-04-14 at 3.51.44 PM
 
जिला स्तर पर तंबाकू नियंत्रण समिति की तृतीय बैठक आज उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, हितधारकों तथा राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने “तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू सेवन एक गंभीर सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्या है, जिससे युवाओं को दूर रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को जागरूक करने तथा तंबाकू मुक्त वातावरण सृजित करने के लिए सभी विभागों का संयुक्त प्रयास जरूरी है।
यह अभियान 09 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ होकर 08 दिसंबर 2025 तक जिला में संचालित रहेगा। इस दौरान दो महीनों तक विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों एवं शहरी निकाय क्षेत्रों में व्यापक जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सभी तंबाकू नियंत्रण गतिविधियों का अभिलेख राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम पोर्टल पर किया जाएगा, जिसकी निगरानी भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा की जाएगी।
बैठक में कोटपा अधिनियम, 2003 के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई और यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध के नियमों का सख्ती से पालन हो। साथ ही, हिमाचल प्रदेश खुदरा व्यापार लाइसेंस अधिनियम, 2016 के अंतर्गत शहरी निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री से संबंधित आवश्यक अनुपालन को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि तंबाकू नियंत्रण से संबंधित सभी अधिनियमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और आम जनता को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति अधिक से अधिक जागरूक करने के लिए जनसंपर्क अभियान को और मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान तभी सफल होगा जब समाज के सभी वर्ग विशेष रूप से युवा इसमें सक्रिय रूप से भागीदारी करेंगे।

WhatsApp Image 2026-05-07 at 3.50.10 PM
WhatsApp Image 2026-05-07 at 3.50.21 PM
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी को तम्बाकू मुक्त युवा अभियान की प्रतिज्ञा भी दिलाई।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंघल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी यशपाल रांटा सहित स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निगम, राज्य कर एवं आबकारी विभाग तथा अन्य संबंधित संस्थानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-०-
Deepika Sharma

Related Articles

Back to top button
Close