प्रोजेक्ट वीरगाथा’ में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, देशभक्ति से रंगे चित्रों ने मोहा मन

शिमला, 3 अक्तूबर।
राजकीय उच्च पाठशाला सहल में भारत सरकार के निर्देशानुसार ‘प्रोजेक्ट वीरगाथा’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के वीर गैलेंट्री अवार्ड (वीरता पुरस्कार) विजेताओं के बलिदान, साहस और शौर्य की कहानियों से परिचित करवाना रहा।

कार्यक्रम में कक्षा छठी से 12वीं तक के कुल 28 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से प्रेरित पेंटिंग बनाई, कविताएं लिखीं और निबंध प्रस्तुत किए। मूल्यांकन समिति की अध्यक्ष श्रीमती नीतिमा चंदेल ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया।
जूनियर वर्ग की पेंटिंग प्रतियोगिता में कक्षा छठी से आठवीं तक में प्रथम स्थान कक्षा सातवीं की छात्रा तन्वी, द्वितीय स्थान गौरव और तृतीय स्थान हर्षिता ने प्राप्त किया। इसी वर्ग की कविता लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान गौरव, द्वितीय हर्षिता तथा तृतीय स्थान तन्वी ने हासिल किया।
वहीं सीनियर वर्ग की पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कक्षा नौवीं की छात्रा उर्वशी, द्वितीय स्थान जतिन और तृतीय स्थान निधि ने प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देश के वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धांजलि दी।




