MD ने प्रस्ताव को रिव्यू करने का दिया आश्वासन।
शिमला, 04 नवंबर 2026।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री रणवीर सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज विद्युत बोर्ड के प्रबंध निदेशक श्री आदित्य नेगी (MD) से मुलाकात कर बोर्ड में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों के पदोन्नति नियमों (R&P Rules) में किए जा रहे प्रस्तावित संशोधनों पर कड़ी आपत्ति जताई।
संघ ने विशेष रूप से असिस्टेंट इंजीनियर (AE) इलेक्ट्रिकल के पदों पर फीडिंग कैटेगरी के माध्यम से पदोन्नति के लिए निर्धारित कोटे में भारी कटौती के प्रस्ताव का विरोध किया। हाल ही में बोर्ड द्वारा WTD के एजेंडे के माध्यम से इस संबंध में प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंध निदेशक के समक्ष तकनीकी कर्मचारियों का पक्ष मजबूती से रखते हुए कहा कि इस प्रकार की कटौती से वर्षों से विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे तकनीकी कर्मचारियों के पदोन्नति के अवसर प्रभावित होंगे। संघ ने प्रबंधन से आग्रह किया कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर पुनर्विचार किया जाए। इस पर प्रबंध निदेशक महोदय ने प्रस्ताव को रिव्यू करने का आश्वासन दिया।
इसके अतिरिक्त, प्रदेश अध्यक्ष ने संघ द्वारा पूर्व में सौंपे गए मांग पत्र में शामिल कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं पर विस्तृत चर्चा के लिए प्रबंधन के साथ बैठक आयोजित करने का समय मांगा। इस पर प्रबंध निदेशक ने दिवाली के उपरांत बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया।
हाई वोल्टेज डिटेक्टर की खरीद से फील्ड कर्मचारियों की सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
संघ ने बताया कि दिनांक 17.06.2025 को प्रबंधन के साथ हुई पिछली बैठक में हाई वोल्टेज डिटेक्टर की केंद्रीयकृत खरीद पर सहमति बनी थी। इस दिशा में बोर्ड द्वारा अब 1984 हाई वोल्टेज डिटेक्टर खरीदे जा चुके हैं, जो जल्द ही फील्ड में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों को उपलब्ध करवाए जाएंगे। यह उपकरण पोल पर चढ़ने से पहले लाइन में विद्युत करंट अथवा वोल्टेज की उपस्थिति का पता लगाने में सहायक होगा। इससे फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्युत दुर्घटनाओं में कमी लाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ ने उम्मीद जताई कि प्रबंधन तकनीकी कर्मचारियों की जायज मांगों एवं समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएगा। संघ ने दोहराया कि वह कर्मचारियों के अधिकारों, पदोन्नति के अवसरों एवं कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगा।
