आदेश जारी होने के बावजूद फील्ड यूनिटों में पदोन्नति प्रक्रिया ठप
तकनीकी कर्मचारी संघ ने प्रबंधन को दी कड़ी चेतावनी

शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ ने ITI एवं Non-ITI तकनीकी कर्मचारियों की लंबित पदोन्नति के मामले में बोर्ड प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
संघ ने कहा कि प्रबंधन द्वारा इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। HPSEBL/(Sectt)/R&E/106-11/26-27-34702-851 दिनांक 10.08.2026 के माध्यम से फील्ड तकनीकी श्रेणियों में पदोन्नति हेतु उपलब्ध रिक्तियों की गणना करने तथा पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए DPC की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उक्त आदेश में 26.08.2023 की अधिसूचना संख्या HPSEB/(SECTT)/106-11/22-23/37750-930 का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया है कि 26.08.2023 से पहले उत्पन्न रिक्तियों को पुराने R&P Rules के अनुसार तथा 26.08.2023 या उसके बाद उत्पन्न रिक्तियों को संशोधित R&P Rules के अनुसार भरा जाना है। साथ ही ITI एवं Non-ITI योग्य कर्मचारियों के लिए निर्धारित कोटा के अनुसार fresh recruitment/promotion roster तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
तकनीकी कर्मचारी संघ का कहना है कि प्रबंधन द्वारा स्पष्ट आदेश जारी किए जाने के बावजूद फील्ड यूनिटों में अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इससे बड़ी संख्या में पात्र ITI एवं Non-ITI कर्मचारी अपनी पदोन्नति के अधिकार से वंचित हो रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष श्री रणवीर सिंह ठाकुर एवं महासचिव चमन लाल शर्मा ने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि तकनीकी कर्मचारी बोर्ड की फील्ड व्यवस्था की रीढ़ हैं। वर्षों से कठिन परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों की पदोन्नति को अनावश्यक रूप से लंबित रखना उनके साथ न्याय नहीं है।
संघ ने हमेशा बातचीत एवं लोकतांत्रिक तरीके से कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया है। अब जबकि प्रबंधन स्वयं आदेश जारी कर चुका है, तो संबंधित फील्ड यूनिटों में रिक्तियों की गणना, पात्र कर्मचारियों की सूची तैयार करने और DPC की कार्रवाई में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
तकनीकी कर्मचारी संघ ने प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि:- “यदि शेष पात्र ITI एवं Non-ITI कर्मचारियों की पदोन्नति समयबद्ध तरीके से नहीं की गई तथा जारी आदेशों पर फील्ड यूनिटों में तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ आगामी समय में ट्रेड यूनियन पद्धति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा।”
संघ ने प्रबंधन से मांग की है कि 10.08.2026 के उपरोक्त आदेश को अक्षरशः लागू करवाते हुए सभी संबंधित फील्ड यूनिटों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं तथा लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को बिना किसी और देरी के पूरा किया जाए।
तकनीकी कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी कर्मचारियों के पदोन्नति मामले को जल्द नहीं निपटाया गया तो एक बार फिर से तकनीकी कर्मचारी संघ आंदोलन की दिशा में आगे बढ़ेगा ।


