परवाणु के विकास को मिली नई रफ्तार: नगर परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा ने तय कीं प्राथमिकताएं
परवाणु। परवाणु नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा ने शहर के संतुलित एवं समग्र विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। अध्यक्ष पद संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर की मूलभूत सुविधाओं में सुधार, लंबित विकास कार्यों को गति देना तथा नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना होगा।

असर न्यूज़ से विशेष बातचीत में ठाकुर दास शर्मा ने कहा कि शहर की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाना, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा आवारा कुत्तों और बंदरों की समस्या का समाधान उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट, सीवरेज व्यवस्था, अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई तथा नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परवाणु को एक आदर्श एवं व्यवस्थित शहर बनाने के लिए नगर परिषद पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेगी। उन्होंने शहरवासियों से आपसी मतभेद भुलाकर विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही शहर का समग्र विकास संभव है।
ठाकुर दास शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि हरित अभियान के तहत बड़ी संख्या में पौधारोपण किया गया है, जिसके लिए उन्हें वर्ष 2021, 2022 और 2025 में सम्मानित भी किया जा चुका है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर सुनने तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया।
नगर परिषद के नए नेतृत्व से शहरवासियों की अपेक्षाएँ बढ़ गई हैं। अब यह देखना होगा कि घोषित प्राथमिकताओं को किस गति से धरातल पर उतारा जाता है और परवाणु को आदर्श शहर बनाने का संकल्प किस हद तक साकार हो पाता है। आने वाले समय में नगर परिषद के कार्यों पर जनता की पैनी नजर रहेगी।
— जसवीर सूद (डिम्पल)


