चेतावनी: पार्वती-2 बांध से आज शाम छोड़ा जाएगा अतिरिक्त पानी, एनएचपीसी ने जारी की चेतावनी

कुल्लू
पार्वती पावर स्टेशन-II (800 मेगावाट) ने जलाशय के जलस्तर में लगातार वृद्धि और भारी जल आवक की संभावना को देखते हुए सोमवार शाम 6:10 बजे पुलगा बांध से लगभग 30 क्यूमेक अतिरिक्त पानी पार्वती नदी में छोड़ने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही पार्वती नदी में ई-फ्लो डिस्चार्ज और रेडियल गेट डिस्चार्ज मिलाकर कुल जल प्रवाह लगभग 42 क्यूमेक हो जाएगा।
एनएचपीसी ने बताया कि यदि जलाशय में पानी की आवक और बढ़ती है तो पुलगा बांध के रेडियल गेटों से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा सकता है, जिससे पार्वती नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है।
जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनएचपीसी ने आम जनता, पर्यटकों, श्रमिकों तथा स्थानीय लोगों से पार्वती नदी के किनारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे, कैंप संचालकों तथा टैक्सी चालकों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने यहां ठहरने वाले और यात्रा कर रहे पर्यटकों को नदी के समीप न जाने की सलाह दें।
एनएचपीसी ने बताया कि लोगों को सतर्क करने के लिए क्षेत्र में हूटर और सायरन बजाए जाएंगे तथा आसपास के इलाकों में सार्वजनिक उद्घोषणा (पब्लिक एड्रेस) वाहन भी तैनात किया जाएगा, ताकि समय रहते लोगों को चेतावनी दी जा सके।
एनएचपीसी ने सभी नागरिकों से जनहित में प्रशासन का सहयोग करने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




