केपीएल लेजेंड्स में किन्नौर वॉरियर्स चैंपियन, हुई नाबाद जीत

-फाइनल मैच में टुक्पा लेजेंड्स को पराजित कर टूर्नामेंट को किया अपने नाम
-सन्नी नेगी मैन ऑफ द टूर्नामेंट, डा. प्रेम बेस्ट बॉलर, एसएस नेगी को मैन ऑफ द मैच
रिकांगपिओ। किन्नौर प्रिमियर लीग लेजेंड्स क्रिकेट चैंपियनशिप में इस बार किन्नौर वॉरियर्स की टीम चैंपियन बनी। इस टीम ने लगातार लीग मैच से लेकर फाइनल मैच तक बिना किसी हार यानी नाबाद जीत दर्ज कर नया इतिहास रच दिया। शनिवार को छोल्टू के मिनी स्टेडियन में आयोजित फाइनल मैच में किन्नौर वॉरियर्स ने टुक्पा लेजेंड्स को पराजित कर टूर्नामेंट अपने नाम कर दिया। किन्नौर वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 8 विकेट पर 143 रन बनाया और टुक्पा लेजेंड्स को जीत के लिए 144 रनों का टारगेट दिया। जीत के लक्ष्य का पीछा कर रही टुक्पा लेजेंड्स की टीम 15 ओवर में 131 रनों के साथ ऑल आउट हो गई। किन्नौर वॉरियर्स की ओर से विजू नेगी ने रनों की बौछारें करते हुए 28 गेंदों पर 46 रन बनाया, जबकि विवेक नेगी ईशू ने 13 गेंदों पर 24 रन, एसएस नेगी ने 12 में 18, केके नेगी ने 5 में 15, डा. प्रेम नेगी ने 7 में 13, सन्नी नेगी ने 6 में 9, मुकेश बोरिस ने 6 में 7, चंद्र मोहन नेगी ने 6 में 2 और जॉन नेगी ने 7 में 3 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी की बात करें तो एसएस नेगी ने 4 विकेट चटकाए, जबकि केके नेगी ने 3, सन्नी नेगी ने 2 और जॉन नेगी को 1 विकेट लेने में सफलता मिली। किन्नौर प्रिमियर लीग लेजेंड्स क्रिकेट चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो किन्नौर वॉरियर्स के सन्नी नेगी मैन ऑफ द टूर्नामेंट रहे। डा. प्रेम नेगी को बेस्ट बॉलर और टुक्पा लेजेंड्स के सुनील नेगी को बेस्ट बैट्समैन से नवाजा गया। फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले किन्नौर वॉरियर्स के एसएस नेगी को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।
बाक्स:
ये हैं किन्नौर वॉरियर्स लेजेंड्स
किन्नौर वॉरियर्स की टीम में कप्तान डीसी नेगी, मुकेश बोरिस, विजू नेगी, डा. प्रेम नेगी, आरपी नेगी, ज्ञान कुमार नेगी, आरपी युलाम, देवराज नेगी, जॉन नेगी, केके नेगी, एसएस नेगी, चंद्र मोहन नेगी, सन्नी नेगी, मनोज नेगी और विवेक नेगी शामिल हैं। बता दें कि ये सभी अपने समय के बेहतरीन क्रिकेटर्स से जाने जाते हैं।



