असर विशेष: शिक्षक भर्ती परीक्षा में दोहरा मापदंड? सिलेबस को लेकर घमासान

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा सीबीएसई विद्यालयों के लिए आयोजित की जाने वाली शिक्षकों की चयन परीक्षा के जारी पाठ्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि विभिन्न विषयों के सिलेबस में असमानता बरती गई है, जिससे चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रवक्ता रसायन शास्त्र जैसे विषयों के लिए कक्षा जमा एक और जमा दो में पढ़ाए जा रहे विषयों को लगभग यथावत शामिल किया गया है, जबकि स्नातक शिक्षक और प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा जैसे पदों के लिए पाठ्यक्रम अत्यंत व्यापक और विस्तृत रखा गया है। इससे अलग-अलग विषयों के अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा का स्तर असंतुलित हो रहा है।
कुछ अभ्यर्थियों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि यदि चयन परीक्षा का उद्देश्य समान स्तर पर योग्य उम्मीदवारों का चयन करना है, तो सभी विषयों के लिए पाठ्यक्रम का दायरा संतुलित और स्पष्ट होना चाहिए। उनका कहना है कि एक ओर सीमित सिलेबस रखा गया है, तो दूसरी ओर कुछ विषयों में अत्यधिक विस्तृत विषयवस्तु जोड़ दी गई है, जिससे तैयारी का स्वरूप असमान हो गया है।
अभ्यर्थियों ने शिक्षा बोर्ड से पाठ्यक्रम की समीक्षा कर स्पष्ट दिशानिर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बन सके।



