स्कूल प्रधानाचार्य की पदोन्नति सूची शीघ्र जारी की जाए

हेडमास्टर प्रिंसिपल ऑफिसर केडर संगठन की बैठक गतदिवस संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रतन वर्मा की अध्यक्षता में सुंदरनगर के होटल आशियाना रेजेंसी में आयोजित की गई।जिसमें सर्वप्रथम संघ के सेवानिवृत पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। तत्पश्चात संघ की विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई तथा निम्न निर्णय लिए गए। जिसमे सरकार से मांग की गई कि स्कूल प्रधानाचार्य की पदोन्नति सूची शीघ्र जारी की जाए।
वर्तमान में प्रदेश में स्कूल प्रधानाचार्य के 500 से अधिक पद रिक्त चल रहे हैं और दिसंबर 2023 के बाद प्रधानाचार्य की कोई भी पदोन्नति सूची जारी नहीं की गई है।इस प्रकार अधिकांश प्रधानाचार्य के पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। एक टीजीटी अध्यापक लगभग 30 वर्ष की सेवा के पश्चात ही इस पद पर पदोन्नत होता है । पिछले एक वर्ष से पदोन्नति सूची जारी न होने के कारण अब तक 80 से अधिक मुख्याध्यापक बिना पदोन्नति के सेवानिवृत हो चुके हैं।यह पदोन्नति सूची जारी न होने के कारण 23000 के टीजीटी काडर में रोष व्याप्त है।बैठक में यह भी मांग की गई की उप शिक्षा निदेशक की पदोन्नति का मामला माननीय सुप्रीम कोर्ट में जाने के पश्चात सरकार इन पदोन्नतियों को करने की जल्दबाजी न करे क्योंकि सांझा वरिष्ठता सूची के आधार पर की जाने वाली यह पदोन्नतियां 23000 के टीजीटी कैडर की उप शिक्षा निदेशक के पद पर पदोन्नति होने के सारे रास्ते बंद कर देगी ।पहले यह पदोन्नतियां 60:40 के अनुपात में मुख्याध्यापक काडर से बने प्रधानाचार्य और सीधी भर्ती से प्रवक्ता जो प्रधानाचार्य बनते हैं में से की जाती थी। हाल ही में जारी की गई प्रधानाचार्य की सांझा वरिष्ठता सूची में हेडमास्टर काडर का एक भी प्रधानाचार्य शामिल नहीं है।यदि इस वरिष्ठता सूची के आधार पर पदोन्नतियां की गई तो संघ इसका खुला विरोध करेगा। बैठक में यह भी मांग की गई की 2016 के बाद पदोन्नत हुए सभी स्कूली प्रधानाचार्यो को एक मुश्त नियमित किया जाए। बैठक में खेद व्यक्त किया गया की शिक्षा विभाग में स्कूल प्रधानाचार्य को छोड़कर सभी पदोन्नतियां नियमित आधार पर की जाती हैं जबकि प्रधानाचार्य सेवानिवृत्ति के 8 वर्षों के पश्चात भी जो कि दूर दराज क्षेत्रों में सेवाएं देने के बावजूद वित्तीय लाभों से वंचित हैं। इस बैठक में संघ के प्रदेश महासचिव केवल ठाकुर, प्रदेश कोषाध्यक्ष बहादुर सिंह मेहता,वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप धीमान, प्रदेश उपाध्यक्ष यशवीर जमवाल,शेर सिंह, लालमन यादव,अध्यक्षा प्रदेश महिला विंग ममता चौधरी,प्रधान महिला विंग जिला मंडी पूनम कोहली, प्रधान जिला मंडी नरेश महाजन, प्रधान कांगड़ा सरदार हरबंत सिंह, प्रधान शिमला संजीव शर्मा, प्रधान उन्ना नरेश शर्मा,मुख्य सलाहकार गजेंद्र ठाकुर संगठन सचिव हरिमन शर्मा, संघ के पूर्व कोषाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, उप शिक्षा निदेशक उच्च शिमला लेखराज भारद्वाज,उप शिक्षा निदेशक हमीरपुर ( निरीक्षण) नवीन शर्मा , प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य मनोज शर्मा, राजेश बौद्ध,शमशेर सिंह, योगेश कुमार, कुलदीप ठाकुर, दिनेश स्टेटा, राकेश कुमार,सहित संघ के 80 पदाधिकारी ने भाग लिया।


