विविध

हिमाचल में अब महिला सुरक्षा होगी और चाक चौबंद:  अनुराग ठाकुर

WhatsApp Image 2026-04-14 at 3.51.44 PM

 

केंद्रीय मंत्री  अनुराग ठाकुर की पहल, महिला सुरक्षा कवच की शुरूआत कर हिमाचल पुलिस को दिए 108 हीरो मोटरसाइकिल

WhatsApp Image 2026-05-07 at 3.50.10 PM
WhatsApp Image 2026-05-07 at 3.50.21 PM

 

सीएसआर के तहत हीरो मोटोकॉर्प की दी गई बाइकों की हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, कांगडा,चंबा, सिरमौर व मंडी जिलों में तैनाती

 

 

 

 

 

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि महिला सुरक्षा केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में हमेशा सर्वोपरि रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से केवल महिला वर्ग का ही नहीं बल्कि पूरे समाज का हित और भविष्य जुड़ा हुआ है।

 

 

 

केंद्रीय मंत्री ने आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हमीरपुर में आयोजित महिला सुरक्षा कवच कार्यक्रम में कहा कि महिला सुरक्षा को चाक चौबंद करने और प्रदेश के एक एक कोने में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है।

 

 

 

ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हीरो मोटोकॉर्प के सहयोग से हिमाचल प्रदेश पुलिस को 108 मोटरसाइकिलें भेंट करके ‘महिला सुरक्षा कवच’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। ये मोटरसाइकिलें प्रदेश के छह जिलों चंबा, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, काँगड़ा, सिरमौर और मंडी के थानों एवं चौकियों में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए उपयोगी होंगी तथा इनसे महिला अपराधों को रोकने में मदद मिलेगी।

 

 

 

महिला सुरक्षा कवच को घर घर पहुंचाने के मकसद से हमीरपुर के स्कूल मैदान में शानदार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें श्री अनुराग सिंह ठाकुर के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल मुख्य अतिथि और पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे।

 

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि किसी भी समाज की उन्नति उस समाज की महिलाओं की उन्नति से मापी जा सकती है और हमारी सनातन संस्कृति के अनुसार तो कृष्ण से पहले राधा और राम से पहले सीता का नाम लिया जाता है। उन्होंने कहा कि नारी ही नर की शक्ति है और बिना नारी के सृष्टि की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि घर का काम हो , सामाजिक जीवन हो या वैश्विक मंच महिलाओं ने सदैव अपनी भूमिका का ज़िम्मेदारी पूर्वक निर्वहन किया है।

 

 

 

ठाकुर ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का अवसर हमारे सामने है, यह दिन महिलाओं की प्रतिभा, उनकी क्षमता और उनकी निष्ठा को सम्मानित करने का महिलाओं के कार्यों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का दिन है। केंद्रीय मंत्री ने आगे बताया कि पूरे भारत विशेषकर हमारे हिमाचल में हमारी मातृशक्ति खेतों खलिहानों में, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, व्यवसाय, उद्योग जगत और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से समाज निर्माण व कार्य प्रतिपादन की दिशा में सराहनीय भूमिका निभा रही हैं।

 

 

 

सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की महिलाओं ने हमेशा नेतृत्व क्षमता और जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया है। हाल ही के दिनों में महिलाओं से जुड़े कई कानूनों में सुधार भी किया गया है जिससे हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी कई गुना बढ़ गई है।

 

 

 

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद प्रदेश में महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है क्योंकि आज भी प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध की खबरें सुनने को मिलती हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कदम उठाती रही है। 108 मोटरसाइकिल पुलिस को वितरित करने की यह पहल इस दिशा में और मजबूती लाएगी।

No Slide Found In Slider.

 

 

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में 108 संख्या का बहुत महत्व है और इसे अपने आपमें पूर्ण संख्या माना जाता है। इसी के मद्देनजर महिला सुरक्षा कवच में मोटरसाइकिलों की संख्या 108 रखी है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं में भरोसा बढ़ेगा और वे अत्यधिक आत्मविश्वास के साथ आगे आ पाएंगी तथा अपनी उन्नति के मार्ग प्रशस्त कर पाएंगी”

 

 

 

श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने महिला सुरक्षा कवच के लिए हीरोमोटोकॉर्प का आभार जताया और कहा कि यह कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता साबित करता है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू का भी आभार जताया। उन्होंने विश्वास जताया कि मोटरसाइकिलों का यह बेड़ा प्रदेश की महिलाओं को और सशक्त करेगा जिससे वह समाज में बराबरी हासिल करने में सफल हों।

 

 

 

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रेम कुमार धूमल ने इस अवसर पर कहा कि किसी भी महिला के लिए सबसे अच्छी सुरक्षा साहस हो सकती है । उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग को 108 मोटरसाइकिल प्रदान करने के इस कदम से हमारे राज्य की महिलाएं वास्तव में अधिक साहसी महसूस करेंगी और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भागीदारी को और बढ़ाएंगी।

 

 

 

श्री धूमल ने कहा कि हमीरपुर लोकसभा के सांसद व केंद्रीय मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने विशेष रूप से प्रदेश के नागरिकों विशेषकर महिलाओं के कल्याण के लिए काम किया है। रोजगार सृजन कार्यक्रमों, क्षमता निर्माण कार्यशालाओं, छात्राओं के लिए अनुभवात्मक दौरों, अस्पताल -सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा से लेकर उन्होंने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सुनिश्चित किया है कि हमारी माताओं, बेटियों और बहनों को स्वास्थ्य सेवाओं, वित्तीय स्वतंत्रता और अपने स्वाभिमान को महसूस करने के लिए सर्वोत्तम अवसर मिले।

 

 

 

श्री धूमल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश हमेशा मानवता की सेवा के लिए खड़ा रहा है और उनकी सेवा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है जो मानव अधिकारों की सुरक्षा के उद्देश्य से व्यावसायिकता, अखंडता को दर्शाता है। श्री धूमल ने कहा कि 108 मोटरसाइकिलों के जुड़ने से यह महिला सुरक्षा और सुरक्षा के प्रति उनके संकल्प को और मजबूत करेगा।

 

 

 

ओलम्पियन सुश्री मीराबाई चानू ने कहा कि किसी भी महिला को उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए, एक सुरक्षित वातावरण अत्यंत महत्वपूर्ण है! श्री अनुराग ठाकुर द्वारा हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग को महिला सुरक्षा और सुरक्षा विभाग को 108 मोटरसाइकिल प्रदान करने का यह कदम हिमाचल प्रदेश की महिलाओं को उनके संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने में मदद करेगा। मैं सभी आप सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देना चाहती हूँ।

 

 

 

इस कार्यक्रम में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सुश्री रानी रामपाल जी ने कहा कि महिलाएं यदि चाहें तो आसमान छू सकती हैं और एथलेटिक्स में महिलाओं ने यह बार बार साबित करके दिखाया है। मगर हमारी मेहनत और लगन के साथ साथ परिवार, समाज और सरकार का सहयोगी भी जरूरी है। जब हिमाचल में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और महिलाओं में यह विश्वास जगेगा कि उन्हें सुरक्षा की चिंता नहीं करनी है तो उनमें अपने लक्ष्य को पाने का आत्मविश्वास बढेगा। अनुराग ठाकुर जी की यह पहल इस दिशा में बहुत बडा कदम है। अब हिमाचल की बेटियां भी बेफिक्र होकर आसमान छूने को निकल पड़ेंगी , इसका मुझे पूरा भरोसा है।

 

 

 

इस मौके पर पुलिस के बैंड ने अपने संगीत से सबका मन मोह लिया जबकि जांबाज महिला पुलिस के हैरतअंगेज बाइक कारनामों ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया ।

 

 

 

कार्यक्रम के अंत में श्री अनुराग ठाकुर ने 108 मोटरसाइकिलों को हमीरपुर में हरी झंडी दिखाई।

 

 

 

महिला पुलिस कर्मचारियों के लिए श्री ठाकुर ने एक स्तन कैंसर जागरूकता और स्क्रीनिंग कैंप का भी उद्घाटन किया। यह कैंप अस्पताल-सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा और मनोचिकित्सक पिंकी जाधव की ओर से लगाया गया है।

 

 

 

Deepika Sharma

Related Articles

Back to top button
Close