नियुक्ति/तैनाती मेडिकल ऑफिसर कैडर के पात्र एवं वरिष्ठ अधिकारियों में से करने की मांग
हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (HMOA) ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिनांक 17.11.2026 को जारी आदेश संख्या 46376-24329/2026 के तहत CH सुजानपुर से एक मेडिकल ऑफिसर (डेंटल) को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हमीरपुर के कार्यालय में प्रोग्राम ऑफिसर/OSD के पद पर तैनात करने के निर्णय पर कड़ा विरोध जताया है।
एसोसिएशन ने इस निर्णय पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से सेवाएं दे रहे अनेक वरिष्ठ एवं अनुभवी मेडिकल ऑफिसर उपलब्ध हैं, जो इस पद की जिम्मेदारी संभालने के लिए पात्र एवं योग्य हैं। ऐसे में संबंधित मेडिकल ऑफिसर कैडर के वरिष्ठ अधिकारियों की अनदेखी करते हुए दूसरे प्रोफेशनल कैडर से अधिकारी को इस महत्वपूर्ण पद पर तैनात करना उचित प्रशासनिक निर्णय नहीं है।
HMOA का स्पष्ट मत है कि स्वास्थ्य विभाग में इस प्रकार के महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं कार्यक्रम संबंधी पदों पर तैनाती करते समय संबंधित कैडर की पात्रता, वरिष्ठता, अनुभव एवं सेवा प्रोफाइल को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। विभाग में उपलब्ध अनुभवी मेडिकल ऑफिसर्स की योग्यता और सेवाओं की अनदेखी करना न केवल उनके मनोबल को प्रभावित करता है, बल्कि कैडर में असंतोष एवं अन्याय की भावना भी पैदा करता है।
एसोसिएशन यह स्पष्ट करना चाहती है कि उसका विरोध किसी व्यक्तिगत अधिकारी के विरुद्ध नहीं है, बल्कि इस प्रशासनिक निर्णय और संबंधित मेडिकल ऑफिसर कैडर के पात्र एवं वरिष्ठ अधिकारियों की अनदेखी के विरुद्ध है।
HMOA मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री एवं सचिव (स्वास्थ्य), हिमाचल प्रदेश सरकार से पुरजोर मांग करती है कि:
1. दिनांक 17.11.2026 को जारी उक्त आदेश पर पुनर्विचार किया जाए।
2. प्रोग्राम ऑफिसर/OSD के पद को नियमित मेडिकल ऑफिसर कैडर के पात्र एवं अनुभवी अधिकारियों में से भरा जाए।
3. भविष्य में इस प्रकार की तैनाती करते समय वरिष्ठता, पात्रता, अनुभव एवं स्थापित प्रशासनिक सिद्धांतों का पूरा ध्यान रखा जाए।
एसोसिएशन को उम्मीद है कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य विभाग के मेडिकल ऑफिसर्स के जायज हितों एवं मनोबल को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय पर उचित पुनर्विचार करेगी। HMOA मेडिकल ऑफिसर कैडर के सम्मान, अधिकारों एवं जायज हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
