शिक्षा

समग्र शिक्षा के सुपर-100 कार्यक्रम के तहत जेईई-नीट की निःशुल्क कोचिंग के लिए चयन परीक्षा आयोजित

WhatsApp Image 2026-09-18 at 12.00.19 PM

 

*प्रदेश के 134 केंद्रों पर हुई परीक्षा में 6,886 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा*

No Slide Found In Slider.

*शिमला।*
प्रदेश के सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से समग्र शिक्षा द्वारा सुपर-100 कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत जेईई (JEE) और नीट (NEET) की निःशुल्क कोचिंग के लिए राज्य स्तरीय चयन परीक्षा आयोजित की गई। प्रदेश के सभी जिलों में स्थापित 134 परीक्षा केंद्रों पर ऑफलाइन माध्यम से हुई इस परीक्षा में कुल 6,886 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
सुपर-100 कार्यक्रम के माध्यम से समग्र शिक्षा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध करवा रहा है। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण महंगी कोचिंग से वंचित रहने वाले विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम के तहत हर वर्ष विद्यार्थियों को जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सहयोग दिया जाता है, ताकि वे इंजीनियरिंग और मेडिकल क्षेत्र में अपना भविष्य संवार सकें।
इस चयन परीक्षा के माध्यम से पीएम श्री विद्यालयों और अन्य सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों में से 200 मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को उनकी रुचि और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जेईई एवं नीट की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी।

No Slide Found In Slider.

*विद्यार्थियों को मिलेगी अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन*
सुपर-100 कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इससे उन्हें विषयों की अवधारणाओं को बेहतर ढंग से समझने, पाठ्यक्रम की व्यवस्थित तैयारी करने और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के अनुरूप अपनी तैयारी मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी। कोचिंग के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं और तैयारी की प्रगति पर भी ध्यान दिया जाएगा।
विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ परीक्षा की तैयारी का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के लिए वर्ष में दो विशेष बूटकैंप भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें विषयों की तैयारी, अभ्यास और परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, विषय विशेषज्ञों के माध्यम से नियमित काउंसलिंग और मेंटरशिप की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि विद्यार्थी अपनी शंकाओं का समाधान कर सकें और तैयारी के दौरान आने वाली चुनौतियों से बेहतर ढंग से निपट सकें।
समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक राजीव कुमार ने कहा कि सरकार प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में सुपर-100 कार्यक्रम के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों को उनकी आर्थिक परिस्थितियों से परे गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी जेईई और नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग मिलेगा।

Deepika Sharma

Related Articles

Back to top button
Close