विविध
पीआईबी शिमला में हिंदी कार्यशाला का आयोजन

शिमला। राजभाषा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार वीरवार को पत्र सूचना कार्यालय(पीआईबी) शिमला में तिमाही हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग को सुनिश्चित करना था। कार्यशाला में कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
इस कार्यशाला में जनगणना कार्य निदेशालय, शिमला के सहायक निदेशक एवं राजभाषा अधिकारी श्री अनिल कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। पीआईबी और केंद्रीय संचार ब्यूरो(सीबीसी) शिमला के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से राजभाषा अधिकारी ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग, संविधान में दिए गए राजभाषा संबंधी प्रावधानों तथा सरल एवं प्रभावी हिंदी लेखन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की।
इस मौके पर पीआईबी शिमला के सहायक निदेशक श्री संजीव शर्मा ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके अलावा दैनिक कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के सरल, सहज और प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करना भी इस कार्यशाला का उद्देश्य है।
केंद्रीय संचार ब्यूरो शिमला के सहायक निदेशक प्रकाश पंत ने हिंदी कार्यशाला में भाग लेने पर सभी कर्मचारियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। श्री पंत ने कहा कि वर्तमान युग में तकनीक के साथ हिंदी का समन्वय आवश्यक है। हमें कठिन शब्दों के स्थान पर आम बोलचाल में प्रयोग किए जाने वाले शब्दों का प्रयोग करना चाहिए।




