असर विशेष: टुटू में वन-साइड पार्किंग व्यवस्था सख्ती से लागू
पावर हाउस से शिव नगर तक निर्धारित हिस्से में एक तरफ ही वाहन खड़े होंगे

टुटू में वन-साइड पार्किंग व्यवस्था सख्ती से लागू होगी ।
पावर हाउस से शिव नगर तक निर्धारित हिस्से में एक तरफ ही वाहन खड़े होंगे। बुधवार को ट्रैफिक पुलिस टीम ने चालकों को नई व्यवस्था से जागरूक किया और गलत तरीके से खड़े वाहनों के चालान किए।



DSP ट्रैफिक चंद्रशेखर कुमार ने कहा कि टुटू क्षेत्र में जाम को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, और यह निर्देश दिन रात लागू रहेगा। प्रशासन ने पार्किंग समस्या को स्वीकारते हुए कहा कि लोगों की सुविधा के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन सहयोग भी जरूरी है। ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि पार्किंग की समस्या के बावजूद लोग सड़क पर आड़े-तिरछे वाहन न खड़ा करें, और निर्धारित स्थान और दिशा में ही पार्क करें ताकि जाम न लगे और पैदल चलने वालों को भी जगह मिले। प्रशासन ने कहा है कि सभी वाहन चालक नियमों का पालन करें और जहां पार्किंग की अनुमति है वहीं वाहन खड़ा करें
शिमला की भौगोलिक परिस्थितियों के चलते जाम एक बड़ी चुनौती है, और इसका असर सिर्फ गाड़ियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पैदल चलने वाले लोग, स्कूल जाने वाले बच्चे, और बुजुर्ग भी परेशान होते हैं। टुटू क्षेत्र में पावर हाउस से टुटू चौक तक वन-वे व्यवस्था लागू है, और अब पार्किंग को एक तरफ करने से पैदल चलने वालों के लिए रास्ता थोड़ा सुगम होगा। प्रशासन की कार्रवाई के साथ चालकों का सहयोग भी ज़रूरी है, तभी जाम की समस्या कम होगी और लोगों के लिए आवाजाही आसान बनेगी
ये भी समस्या , इसे भी सुने प्रशासन
स्कूलों के आसपास भी कई जगह सड़क किनारे गाड़ियाँ बेतरतीब खड़ी की जाती हैं। विक्ट्री टनल से ऑकलैंड टनल तक भी ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और गाड़ियाँ सही तरीके से खड़ी कराने की ज़रूरत महसूस की जा रही है। लोगों की अपील है कि इस मार्ग पर सड़क किनारे खड़े वाहनों को भी तय तरीके से पार्क करवाया जाए ताकि जाम न लगे और स्कूल आने-जाने वाले बच्चों समेत पैदल यात्रियों को परेशानी न हो


