शिमला विश्वविद्यालय में गुँजा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का संदेश: राज्यपाल ने किया पौधरोपण, युवाओं को पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का दिया संकल्प

शिमला, 3 अगस्त
सोमवार को शिमला विश्वविद्यालय (एपीजी) परिसर में एक पेड़ माँ के नाम’ पौधरोपण अभियान का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विश्वविद्यालय परिसर में पधारने पर विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने राज्यपाल का
गर्मजोशी व ढोल नगाड़ों से भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं जवान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर विश्वविद्यालय के प्रति-कूलाधिपति प्रो. डॉ. रमेश चौहान, कुलपति प्रो. राजेंद्र सिंह चौहान कुलपति, कुलसचिव प्रो. डॉ. आर.एल. शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार एवं डीन फैकल्टी प्रो. डॉ. अश्वनी शर्मा, सलाहकार इंजीनियर सुमन विक्रांत, अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. डॉ. आनंद मोहन शर्मा ने राज्यपाल को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं शिमला विश्वविद्यालय की डीन छात्र कल्याण प्रो. डॉ. नीलम शर्मा ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंट किया।
कुलपति प्रो. डॉ. राजेंद्र सिंह चौहान ने शिमला विश्वविद्यालय के सभागार में सरस्वती वंदना एवं मुख्य अतिथि राज्यपाल कविंदर गुप्ता द्वारा दीप्रज्वलन और वन्देमातरम के बाद अपने स्वागत संबोधन में राज्यपाल के आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 5 जून 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान माँ के प्रति एक अनुपम श्रद्धांजलि है। उन्होंने शिमला विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, गुणात्मक शिक्षा, अंतर्राष्ट्रीय पहचान और विद्यार्थियों की जॉब प्लेसमेंट और अन्य उत्कृष्ट पर्यावरण संरक्षण जागरूकता जैसी गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्यपाल महोदय की गरिमामयी उपस्थिति से संस्थान का सौभाग्य बढ़ा है और यह सभी के लिए प्रेरणादायक है।
पौधरोपण अभियान के दौरान विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय सभागार में पर्यावरण संरक्षण पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से वनों की अंधाधुंध कटाई, जलवायु परिवर्तन और चिंताजनक स्थिति पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही मनमोहक डोगरी नृत्य और हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध नाटी प्रस्तुत कर समां बाँध दिया।
राज्यपाल ने पर्यावरण बचाओ और पौधरोपण विषय पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति -चिह्न देकर सम्मानित किया। राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़ केवल शोभा की वस्तु नहीं हैं, बल्कि ये हमारे जीवन का असली आधार हैं। ये हमें स्वच्छ और शुद्ध पर्यावरण प्रदान करते हैं। केवल पौधे लगा देने से ही अभियान सफल नहीं होता, जब तक कि हम उन पौधों के बड़े होने तक उनके संरक्षण का संकल्प न लें। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे ऐसे अभियानों का मुख्य उद्देश्य प्रकृति और मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाना है। हिमाचल की हरियाली अतुलनीय है और इसका संरक्षण हमारा परम कर्तव्य है।
राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने युवाओं को आह्वान करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ युवाओं को राष्ट्रीय चेतना, समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए। हर बच्चे को हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाना चाहिए। राज्यपाल ने समाज में फैल रही नशे की बुराई पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश को नशामुक्त बनाना और पर्यावरण को सुरक्षित रखना हर नागरिक का दायित्व है। तभी हम भारत को एक विकसित राष्ट्र बना पाएंगे।
राज्यपाल ने पौधरोपण के माध्यम से समाज को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। अधिक से अधिक पौधे लगाकर हम न केवल धरती को हरा-भरा बना सकते हैं, बल्कि बढ़ते प्रदूषण को कम कर शुद्ध ऑक्सीजन भी सुनिश्चित कर सकते हैं। आज का लगाया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण का निर्माण करता है। केवल सरकार या प्रशासन ही नहीं, बल्कि हर नागरिक को अपने स्तर पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ जीवन के लिए एक अति-आवश्यक निवेश है।
कार्यक्रम के अंत में शिमला विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. डॉ. आर. एल. शर्मा ने औपचारिक धन्यवाद प्रस्ताव ज्ञापित किया। उन्होंने ‘ विभिन्न प्रकार की पौध-वाटिका’ से लेकर पौधरोपण अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ को सफल बनाने के लिए मुख्य अतिथि राज्यपाल कविंदर गुप्ता, शिमला विश्वविद्यालय के कुलाधिपति, प्रति कुलाधिपति, कुलपति, विभिन्न संकायों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकों, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, एनएसएस यूनिट, पुलिस प्रशासन, मीडियाकर्मियों तथा विश्वविद्यालय के शिक्षण व गैर-शिक्षण कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज, राज्यपाल के ओएसडी साहिल वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और पौधरोपण में भाग लिया।


