शाबाश: विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 में हिमाचल के स्कूलों का परचम
देश के टॉप-100 राज्य स्तरीय विजेताओं में तीन स्कूल शामिल, 20 ने जिला स्तर पर बनाई जगह*

*शिमला*
नवाचार, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच के क्षेत्र में हिमाचल के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विकसित भारत बिल्डाथॉन (Viksit Bharat Buildathon-VBB) 2025 में प्रदेश के तीन विद्यालय देश के शीर्ष 100 राज्य स्तरीय विजेता विद्यालयों में शामिल हुए हैं, जबकि 20 अन्य विद्यालयों ने जिला स्तरीय विजेताओं में स्थान बनाकर राज्य का गौरव बढ़ाया है।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर तथा समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने विजेता विद्यालयों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रदेश में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समस्या-समाधान आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।
शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा अटल इनोवेशन मिशन (AIM), नीति आयोग एवं AICTE के सहयोग से आयोजित विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 देश का एक प्रमुख नवाचार एवं हैकाथॉन अभियान है। “आत्मनिर्भर भारत का आह्वान, विकसित भारत का निर्माण” विषय पर आधारित इस अभियान का शुभारंभ 23 सितंबर 2025 को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया था। ‘आइडिया’ और ‘प्रोटोटाइप’ श्रेणियों में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की चुनौतियों के समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिला। परियोजनाओं का मूल्यांकन नवीनता, व्यवहारिक उपयोगिता, सामाजिक प्रभाव, विस्तार की क्षमता तथा राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूपता जैसे मानकों के आधार पर किया गया।
प्रदेश में इस अभियान का संचालन समग्र शिक्षा के माध्यम से किया गया। देशभर के तीन लाख से अधिक विद्यालयों और पांच करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को जोड़ने वाले इस अभियान में 2.87 लाख से अधिक प्रोजेक्ट प्राप्त हुए। जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विशेषज्ञों द्वारा किए गए बहु-स्तरीय मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट परियोजनाओं का चयन किया गया।
*राज्य स्तर पर तीन विद्यालयों ने बनाई राष्ट्रीय पहचान*
राज्य स्तरीय विजेताओं में प्रोटोटाइप श्रेणी में PM SHRI GMGSSS चंबा (जिला चंबा) और GSSS धर्मपुर (जिला सोलन) तथा आइडिया श्रेणी में जवाहर नवोदय विद्यालय ठियोग (जिला शिमला) ने स्थान बनाया है। इन तीनों विद्यालयों को कुल 60 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
*जिला स्तर पर 20 विद्यालय राष्ट्रीय टॉप-1000 में शामिल*
जिला स्तर पर हिमाचल प्रदेश के 20 विद्यालय देश के शीर्ष 1000 विजेताओं में शामिल हुए हैं। इनमें शिमला के GSSS (बॉयज) लालपानी और PM SHRI GSSS सुन्नी, सोलन के GSSS कुठार और Doon Valley Public School, सिरमौर के GSSS शिलाई और GSSS राजगढ़, कांगड़ा के GSSS कोटलू और GSSS धर्मशाला (बॉयज), चंबा के PM SHRI GGSSS चंबा और GSSS खरगट, बिलासपुर के GSSS जुखाला और GSSS बरठीं, मंडी के PM SHRI GSSS सरकाघाट और PM SHRI GSSS (बालिका) मंडी, हमीरपुर के HIM Academy Public School विकास नगर और GSSS भूम्पल, कुल्लू के GSSS दलाश, ऊना के GSSS धुस्सारा, किन्नौर के PM SHRI GSSS रिकांग पिओ तथा लाहौल-स्पीति के GSSS माने योगमा शामिल हैं। इनमें 12 विद्यालय प्रोटोटाइप तथा 8 विद्यालय आइडिया श्रेणी में विजेता रहे हैं। जिला स्तरीय विजेताओं को कुल 1.52 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 में प्रदेश के विद्यालयों की उत्कृष्ट सफलता पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि हिमाचल में नवाचार, वैज्ञानिक सोच और समस्या-समाधान आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी नवाचार और नए समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित करेगी।


