
हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने 5% महंगाई भत्ता घोषित करने का स्वागत किया, लंबित एरियर के शीघ्र भुगतान की मांग
शिमला, 23 अक्टूबर 2026।
हिमाचल मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कर्मचारियों को 5% देने की घोषणा की है पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने यह जानकारी दी इसके साथ ही
हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर एवं महासचिव भरत शर्मा ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 5 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे 45 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने के निर्णय का स्वागत किया है।
प्रदीप ठाकुर ने कहा कि महंगाई के इस दौर में महंगाई भत्ते में वृद्धि कर्मचारियों को कुछ आर्थिक राहत प्रदान करेगी। प्रदेश सरकार के वित्त विभाग द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, यह वृद्धि 1 जुलाई 2023 से 1 प्रतिशत तथा 1 जनवरी 2024 से 4 प्रतिशत की दर से लागू की गई है। अक्टूबर 2026 के वेतन, जिसका भुगतान नवंबर 2026 में होगा, के साथ बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता नकद दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 30 सितंबर 2026 तक की अवधि के लंबित महंगाई भत्ते के एरियर का भुगतान अलग से जारी होने वाले आदेशों के अनुसार किया जाएगा। महासंघ ने सरकार से मांग की है कि एरियर भुगतान संबंधी आदेश शीघ्र जारी किए जाएं, ताकि कर्मचारियों को उनकी देय राशि समय पर मिल सके।
महासंघ ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को नवंबर माह के वेतन के साथ 10,000 रुपये का बकाया एरियर देने की घोषणा के लिए माननीय मुख्यमंत्री का भी आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक राहत प्रदान करेगा और सरकार की कर्मचारी हितैषी सोच को दर्शाता है।
प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर एवं महासचिव भरत शर्मा ने कहा कि कर्मचारी प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों की रीढ़ हैं। इसलिए सरकार को कर्मचारियों से जुड़े सभी लंबित वित्तीय एवं सेवा संबंधी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना चाहिए। उन्होंने लंबित महंगाई भत्ते के अतिरिक्त अन्य देय वित्तीय लाभों तथा कर्मचारियों की जायज मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
महासंघ ने आशा व्यक्त की कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाएगी




