हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ ने 10% डीए व एरियर की शीघ्र घोषणा की उठाई मांग

हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के राज्य महामंत्री तिलक नायक ने बताया कि संघ के प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में पिछले कल गूगल मीट के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के जिला प्रधानों एवं अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा की गई। इस दौरान सभी जिलों से एकमत होकर मांग उठाई गई कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए 10 प्रतिशत महंगाई भत्ते (DA) की घोषणा एरियर सहित भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करे।
राज्य प्रधान वीरेंद्र चौहान ने कहा कि महंगाई के इस दौर में महंगाई भत्ते और एरियर का भुगतान कर्मचारियों की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। संघ ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से पुरजोर आग्रह किया है कि आगामी एक-दो दिनों में 10 प्रतिशत डीए की घोषणा कर लंबित एरियर सहित भुगतान का मार्ग प्रशस्त किया जाए, ताकि प्रदेश के कर्मचारियों को दिवाली से पहले इसका लाभ मिल सके और वे अपने परिवारों के साथ त्योहार की खुशियां मना सकें।
कर्मचारी चाहते हैं कि अक्टूबर माह की सैलरी में सभी को बढ़ा हुआ वेतन मिले इसलिए मुख्यमंत्री 25 तारीख से पहले नोटिफिकेशन करने के आदेश जारी करें ताकि ट्रेज़री में बिल उस हिसाब से जमा कराया जा सके
उन्होंने कहा कि कर्मचारी प्रदेश सरकार की व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं और उनकी जायज मांगों पर समय रहते सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए। संघ को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री कर्मचारियों की भावनाओं को समझते हुए शीघ्र राहत प्रदान करेंगे।
बैठक में जिला हमीरपुर के प्रधान राजेश गौतम, जिला कांगड़ा के प्रधान सचिन जायसवाल, जिला बिलासपुर के प्रधान राकेश संधू, जिला सोलन के प्रधान कमल प्रसाद, जिला लाहौल-स्पीति के प्रधान पालम शर्मा, जिला चंबा के प्रधान हरिप्रसाद शर्मा, मनीष सूद, हाकम राणा सहित अनेक पदाधिकारियों ने भाग लिया।
हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि कर्मचारियों के हित में शीघ्र निर्णय लेकर उन्हें दिवाली से पहले महंगाई भत्ते और लंबित एरियर की सौगात दी जाए।
वीरेंद्र चौहान




