रामपुर तैयार, कल से भिडेंगे वन विभाग के खिलाड़ी
- *सीएम सुक्खू शिमला से ऑनलाइन करेंगे स्पोर्ट्स मीट का शुभारंभ*

– *सीएम सुक्खू शिमला से ऑनलाइन करेंगे स्पोर्ट्स मीट का शुभारंभ*
– *11 से 13 सितंबर तक आयोजित होगी 27वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता*
– *अरण्यपाल, रामपुर वन वृत्त सीबी ताशीलदार ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी*
– *1000 खिलाड़ी भाग लेंगे, होंगे 124 इवेंट्स और 32 खेलें*
*रामपुर* 11 से 13 सितंबर 2026 तक वन विभाग की वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता के लिए रामपुर तैयार हो चुका है और तीन दिनों तक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी खेल जगत में अपना जौहर दिखाएंगे। वीरवार को अरण्यपाल, रामपुर वन वृत्त सीबी ताशीलदार ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता की सभी तैयारियां हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शिमला से ऑनलाइन माध्यम से करेंगे। सीएफ रामपुर ने कहा कि वनों की रक्षा करने वाले कर्मचारी और फाइलों में व्यस्त रहने वाले अधिकारियों को खेल के माध्यम से अपना हुनर दिखाने का बेहतर मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस खेलकूद प्रतियोगिता में विभाग के करीब एक हजार खिलाड़ी भाग लेंगे। जिसमें अधिकारी और कर्मचारी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। गौरतलब है कि यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 23 साल के अंतराल के बाद रामपुर वन वृत्त को मेजबानी करने का मौका मिला है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील की है कि वे खेल को खेल की भावना से खेलें और हमारी थीम स्विफ्ट इन स्पोर्ट्स, डिवोटेड इन ड्यूटी को बनाए रखें। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के लिए कालेज ग्राउंड पाटबंगला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खेल मैदान रामपुर और दत्तनगर खेल मैदान का चयन किया गया है। सीएफ रामपुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता के दौरान 124 इवेंट्स के अंतर्गत 32 खेलें होंगे। श्रमदान के लिए एक सप्ताह का समय लगा। पत्रकार वार्ता के दौरान डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह, डीएफओ किन्नौर अरविंद कुमार, डीएफओ आनी हरदेव नेगी और एसीएफ पब्लिसिटी देवेंद्र चौहान भी उपस्थित रहे।
बाक्स:
*एक माह से तैयारियों में जुटे रहे वन कर्मी*
सीबी ताशीलदार ने बताया कि राज्य स्तरीय खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता का सफल आयोजन के लिए रामपुर वन वृत्त के वन कर्मी और अन्य स्टाफ एक माह से तैयारियों में जुटे रहे। मैदानों के रखरखाव से लेकर सफाई के लिए कर्मचारियों ने दिन-रात मेहनत की, इस अमूल्य कार्यों के लिए हम सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हैं।


