
शिमला। शिमला से कोठी जमोगी होते हुए दधोगी जाने वाले बस रूट पर आए दिन बसों के खराब होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार 20 अगस्त 2026 से इस रूट पर बस सेवा लगातार प्रभावित है और आज तक स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस रूट पर अक्सर ऐसी बसें भेजी जाती हैं, जिनकी हालत पहले से ही ठीक नहीं होती। परिणामस्वरूप बसें रास्ते में ही खराब हो जाती हैं और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क की समस्या नहीं, बल्कि बसों की खराब हालत और बसों के रखरखाव से जुड़ी समस्या है।
दधोगी पंचायत प्रधान भूपेंद्र शर्मा, समस्त पंचायत समिति, युवक मंडल दधोगी के प्रधान अमित कुमार शर्मा, बीडीसी सदस्य सागर शर्मा तथा समस्त स्थानीय जनता ने संबंधित विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि शिमला-कोठी जमोगी-दधोगी रूट पर अच्छी हालत वाली बसें भेजी जाएं और बसों की नियमित जांच एवं उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि आए दिन बीच रास्ते में बस खराब होने की समस्या से लोगों को निजात मिल सके।



