वन्यजीव सप्ताह 2026 का विधिवत उद्घाटन 2 अक्टूबर को

शिमला:
हिमाचल प्रदेश में वन्यजीव सप्ताह 2026 का विधिवत उद्घाटन 2 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे, वाटर कैचमेंट गेट, ढली, शिमला में किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री अनिरुद्ध सिंह जी, माननीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित सप्ताहभर के कार्यक्रमों का भी शुभारंभ होगा।
हिमाचल प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण और जनभागीदारी को मिलेगा नया आयाम; पेंटिंग, फोटोग्राफी एवं वीडियो डॉक्यूमेंट्री प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
हिमाचल प्रदेश वन विभाग का वन्यजीव विंग प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता, वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के प्रति जन-जा8गरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को संरक्षण प्रयासों से जोड़ने के उद्देश्य से 2 से 8 अक्तूबर, 2026 तक 75वां वन्यजीव सप्ताह मनाएगा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता, शैक्षणिक, साहसिक एवं रचनात्मक गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
इस वर्ष वन्यजीव सप्ताह की थीम है:
*“वन्यजीव आवासों का संरक्षण, स्वस्थ जीवन और आजीविका का संरक्षण”*
यह थीम इस महत्वपूर्ण संदेश को रेखांकित करती है कि स्वस्थ एवं सुरक्षित वन्यजीव आवास और सुदृढ़ पारिस्थितिकी तंत्र केवल वन्यजीवों एवं जैव विविधता के संरक्षण के लिए ही आवश्यक नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, स्वास्थ्य, जल सुरक्षा और आजीविका के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
वन्यजीव सप्ताह का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की अनमोल जैव विविधता के प्रति समाज के विभिन्न वर्गों में संवेदनशीलता विकसित करना, वन्यजीवों एवं उनके आवासों के संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना तथा संरक्षण कार्यों में विद्यार्थियों, युवाओं, स्थानीय समुदायों, प्रकृति प्रेमियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
सप्ताहभर आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम
75वें वन्यजीव सप्ताह के दौरान प्रदेशभर में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जागरूकता, शैक्षणिक एवं साहसिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
– उद्घाटन समारोह एवं स्वच्छता अभियान
– पक्षी अवलोकन एवं वनस्पति अध्ययन भ्रमण
– चिड़ियाघरों के शैक्षणिक भ्रमण
– चीर फीजेंट के संरक्षणात्मक रिलीज कार्यक्रम
– मिनी मैराथन
– साइकिल रैलियां
– संरक्षित क्षेत्रों एवं चयनित वन क्षेत्रों में प्रकृति एवं वन्यजीव ट्रेक
– विशेषज्ञों के साथ वन्यजीव संरक्षण विषयों पर संवाद एवं अनुभव साझा कार्यक्रम
– गाइडेड बर्ड वॉचिंग गतिविधियां
– वन्यजीव एवं जैव विविधता विषयक क्विज प्रतियोगिताएं
– वन्यजीव संरक्षण पर सेमिनार एवं वेबिनार
इन गतिविधियों का उद्देश्य केवल वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना नहीं, बल्कि लोगों को प्रकृति के साथ प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना और संरक्षण को जन-भागीदारी से जन-अभियान का स्वरूप देना भी है।
8 अक्तूबर को होगा राज्य स्तरीय समापन समारोह
वन्यजीव सप्ताह का समापन 8 अक्तूबर, 2026 को शिमला में राज्य स्तरीय समारोह के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर वन्यजीव संरक्षण से संबंधित प्रकाशनों, उत्कृष्ट वन्यजीव फोटोग्राफ एवं संरक्षण कार्यों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
समापन समारोह के दौरान चयनित वीडियो डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं दर्शकों के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही, प्रकाशनों एवं स्मृति चिह्नों का विमोचन तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
प्रतिभाओं को मिलेगा अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर
75वें वन्यजीव सप्ताह को अधिक व्यापक, रचनात्मक एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाने के लिए वन्यजीव विंग द्वारा पेंटिंग, फोटोग्राफी एवं वीडियो डॉक्यूमेंट्री प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य प्रदेश के विद्यार्थियों, कलाकारों, फोटोग्राफरों, फिल्म निर्माताओं, वन्यजीव प्रेमियों, प्रकृति प्रेमियों तथा आम नागरिकों को अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता प्रदर्शित करने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करना तथा वन्यजीव संरक्षण के संदेश को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाना है।
🎨 ओपन वन्यजीव पेंटिंग प्रतियोगिता
प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति अपनी रचनात्मक सोच और कलात्मक प्रतिभा को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर।
📸 वन्यजीव फोटोग्राफी प्रतियोगिता
हिमाचल प्रदेश की समृद्ध वन्यजीव विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य और संरक्षण प्रयासों को कैमरे के माध्यम से सामने लाने का अवसर।
🎥 वन्यजीव वीडियो डॉक्यूमेंट्री प्रतियोगिता
वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, प्राकृतिक आवास एवं संरक्षण प्रयासों पर आधारित रचनात्मक वीडियो डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से संरक्षण संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का अवसर।
वीडियो डॉक्यूमेंट्री प्रतियोगिता ओपन एवं विभागीय—दोनों श्रेणियों में आयोजित की जाएगी।
आपकी भागीदारी ही संरक्षण की सबसे बड़ी ताकत है
वन्यजीव संरक्षण केवल वन विभाग या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है। जब समुदाय संरक्षण के प्रयासों से जुड़ता है, तभी संरक्षण के प्रयास स्थायी और प्रभावी बनते हैं।
आइए—जुड़ें, जागरूक हों और वन्यजीव संरक्षण के इस जन-अभियान का हिस्सा बनें।
इस वन्यजीव सप्ताह पर हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हम अपने वन, वन्यजीव, प्राकृतिक आवास और पर्यावरण की रक्षा में सक्रिय योगदान देंगे, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ियां भी हिमाचल की समृद्ध जैव विविधता, हरी-भरी धरती और अद्भुत वन्य जीवन का आनंद ले सकें।
“प्रकृति बचेगी, वन्यजीव बचेंगे—तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा।”



